डेस्क न्यूज़
21 June, 2026
अन्य
नीमच। जिले के जीरन थाना क्षेत्र अंतर्गत हर्कियाखाल के समीप शनिवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। पुलिया के पास एक आई-20 कार अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे खाई में पलट गई। हादसे में एक ही परिवार के पांच लोग घायल हो गए, जिनमें एक की हालत गंभीर बताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार, पंकज जैन (40), उनकी पत्नी हेमा जैन (32), पुत्र आराध्य (9), पुत्री एंजल (12) एवं 2 वर्षीय विधान जैन निवासी भीम, जिला राजसमंद (राजस्थान) कार में सवार थे। परिवार जीरन क्षेत्र में आयोजित एक रातिजगा कार्यक्रम में शामिल होकर अपने घर लौट रहा था। इसी दौरान हर्कियाखाल के पास उनकी आई-20 कार (RJ 01 CC 3825) अचानक अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे खाई में जा पलटी।
हादसे में कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और सभी लोग घायल हो गए। सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों ने राहत कार्य शुरू किया तथा पुलिस और एम्बुलेंस को सूचना दी। मौके पर पहुंची एम्बुलेंस की मदद से घायलों को बाहर निकालकर जिला चिकित्सालय नीमच पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है।
पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में वाहन के अनियंत्रित होने को हादसे का कारण माना जा रहा है।