ताजासमाचार

नीमच में आज होगी नीट-यूजी 2026 की पुनः परीक्षा, 926 अभ्यर्थी होंगे शामिल | कलेक्टर-SP ने लिया व्यवस्थाओं का जायजा

डेस्क न्यूज़ 21 June, 2026 अन्य

नीमच। राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (नीट-यूजी 2026) की पुनः परीक्षा आज रविवार, 21 जून को जिले के दो परीक्षा केंद्रों पर आयोजित की जाएगी। परीक्षा दोपहर 2 बजे से शाम 5:15 बजे तक संचालित होगी। जिले के कुल 926 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल होंगे। परीक्षा को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली हैं।

जानकारी के अनुसार, श्री सीताराम जाजू कन्या महाविद्यालय में 456 तथा स्वामी विवेकानंद पीजी कॉलेज में 470 अभ्यर्थी परीक्षा देंगे। परीक्षा से एक दिन पूर्व शनिवार को कलेक्टर हिमांशु चंद्रा एवं पुलिस अधीक्षक राजेश व्यास ने दोनों परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने अभ्यर्थियों एवं उनके अभिभावकों की सुविधाओं पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। केंद्रों पर बैठने की व्यवस्था, स्वच्छ पेयजल, छाया और अल्पाहार की व्यवस्था सुनिश्चित की गई है। साथ ही निर्बाध विद्युत आपूर्ति के लिए जनरेटर, आपात स्थिति के लिए एम्बुलेंस और फायर ब्रिगेड तथा यातायात प्रबंधन के लिए विशेष इंतजाम किए गए हैं।

नगर समन्वयक एवं केंद्रीय विद्यालय के प्राचार्य प्रियदर्शन गर्ग ने बताया कि अभ्यर्थियों का प्रवेश सुबह 11 बजे से शुरू होगा और दोपहर 1:30 बजे तक जारी रहेगा। इसके बाद किसी भी परीक्षार्थी को प्रवेश नहीं दिया जाएगा। अभ्यर्थियों को प्रवेश पत्र, पासपोर्ट आकार एवं पोस्टकार्ड आकार का फोटो तथा वैध पहचान पत्र साथ लाना अनिवार्य होगा। परीक्षा केंद्र में केवल पारदर्शी पानी की बोतल ले जाने की अनुमति रहेगी।

सुरक्षा व्यवस्था के तहत सभी केंद्रों पर बायोमेट्रिक सत्यापन, लाइव सीसीटीवी निगरानी, हैंड हेल्ड मेटल डिटेक्टर (एचएचएमडी) से जांच तथा त्रिस्तरीय सुरक्षा व्यवस्था लागू रहेगी। महिला एवं पुरुष अभ्यर्थियों के लिए अलग-अलग प्रवेश द्वार और फ्रिस्किंग व्यवस्था भी की गई है।

Related Post