ताजासमाचार

CBN की बड़ी कार्रवाई : कार में परफ्यूम उड़ेलकर अफीम की गंध छिपाने की कोशिश, 115 किलो अफीम जब्त

डेस्क न्यूज़ 21 June, 2026 अन्य

नीमच/जयपुर। मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत केंद्रीय नारकोटिक्स ब्यूरो (CBN) की मध्य प्रदेश इकाई को बड़ी सफलता मिली है। सीबीएन अधिकारियों ने आगरा-जयपुर राष्ट्रीय राजमार्ग स्थित सिकंदरा टोल प्लाजा पर कार्रवाई करते हुए 115.160 किलोग्राम अवैध अफीम जब्त की है। इस मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है।

जानकारी के अनुसार, सीबीएन नीमच को विशेष खुफिया सूचना मिली थी कि झारखंड नंबर की एक हुंडई क्रेटा कार में भारी मात्रा में अवैध अफीम गुवाहाटी से जोधपुर ले जाई जा रही है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए सीबीएन ने एक विशेष टीम गठित कर वाहन की निगरानी शुरू की।

करीब 2,000 किलोमीटर लंबे मार्ग पर लगातार सर्विलांस और ट्रैकिंग के बाद संदिग्ध वाहन की पहचान की गई। इसके बाद 20 जून 2026 की सुबह आगरा-जयपुर हाईवे स्थित सिकंदरा टोल प्लाजा पर कार को रोककर जांच की गई।

तलाशी के दौरान वाहन की डिक्की में रखी तीन बोरियों से 109 पैकेट बरामद हुए। इनमें कुल 115.160 किलोग्राम अफीम पाई गई। जांच में यह भी सामने आया कि तस्करों ने अफीम की गंध छिपाने के लिए वाहन के अंदर भारी मात्रा में परफ्यूम का छिड़काव किया था।

सीबीएन अधिकारियों ने आरोपी को एनडीपीएस एक्ट, 1985 की संबंधित धाराओं के तहत गिरफ्तार कर लिया है। साथ ही अफीम और तस्करी में प्रयुक्त हुंडई क्रेटा कार को भी जब्त कर लिया गया है।

प्रारंभिक जांच में पता चला है कि मादक पदार्थ की यह खेप गुवाहाटी से जोधपुर भेजी जा रही थी। अब जांच एजेंसियां इस तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य आरोपियों की पहचान करने और पूरी सप्लाई चेन का खुलासा करने में जुटी हैं।

सीबीएन मध्य प्रदेश इकाई के अनुसार, वर्ष 2026 में अब तक 69 प्रकरण दर्ज किए जा चुके हैं और 98 आरोपियों की गिरफ्तारी की जा चुकी है। विभाग का कहना है कि "नशा मुक्त भारत" अभियान के तहत मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ ऐसी कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी।
 

Related Post