ताजासमाचार

गांव में खूनी हमला, फिर पुलिस पर ही सवाल: कार्रवाई के बजाय ‘रिश्वत’ के आरोप, पीड़ितों ने कलेक्टर-एसपी से लगाई गुहार

डेस्क न्यूज 28 April, 2026 अपराध

नीमच। जीरन थाना क्षेत्र के ग्राम खेताखेड़ा डोरिया से एक ऐसा मामला सामने आया है, जिसने कानून व्यवस्था और पुलिस कार्रवाई दोनों पर सवाल खड़े कर दिए हैं। एक पीड़ित परिवार ने कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन सौंपकर आरोप लगाया है कि उनके साथ हुए जानलेवा हमले के बाद भी उन्हें न्याय नहीं मिला, उल्टा पुलिस पर ही गंभीर आरोप लग रहे हैं।

पीड़ित राजुलाल ओड ने जनसुनवाई में शिकायत करते हुए बताया कि 24 अप्रैल 2026 की रात करीब 9 बजे, जब वह अपने घर के बाहर मौजूद थे, तभी ट्रैक्टर और मोटरसाइकिलों पर सवार करीब 15 लोग गांव में पहुंचे और अचानक हमला बोल दिया। आरोप है कि हमलावरों के हाथों में लाठी-डंडे ही नहीं, बल्कि धारदार हथियार भी थे। गाली-गलौज के बीच जान से मारने की धमकियां दी गईं और पूरे परिवार को निशाना बनाया गया।
हमले के दौरान बीच-बचाव करने आई महिलाओं और अन्य परिजनों के साथ भी मारपीट की गई, जिससे कई लोग घायल हो गए। घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है।
पीड़ित परिवार का यह भी आरोप है कि हमलावर जाते-जाते महिलाओं के गहने—मंगलसूत्र और सोने की चेन—छीनकर फरार हो गए।
घटना के बाद पुलिस को सूचना दी गई और शिकायत दर्ज कराई गई, लेकिन यहीं से मामला और गंभीर हो गया। पीड़ित का आरोप है कि पुलिस ने सभी आरोपियों के नाम दर्ज नहीं किए और केस को कमजोर करने की कोशिश की। इतना ही नहीं, आवेदन में यह भी कहा गया है कि कार्रवाई के बदले कथित रूप से रुपए की मांग की गई।
पीड़ित परिवार का कहना है कि कार्रवाई न होने से आरोपियों के हौसले और बढ़ गए हैं और वे लगातार धमकियां दे रहे हैं, जिससे परिवार दहशत में है।

Related Post