ताजासमाचार

बिंदोरी में तलवारबाजी का मामला गरमाया: नायक समाज सड़कों पर, धाराएं बढ़ाने और गिरफ्तारी की मांग

डेस्क न्यूज 23 April, 2026 अपराध

नीमच। जिले के जीरन थाना क्षेत्र के ग्राम जेतपुरा में विवाह समारोह के दौरान हुई तलवारबाजी और जानलेवा हमले की घटना अब तूल पकड़ती जा रही है। गुरुवार को पीड़ित परिवार नायक समाज के लोगों के साथ पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचा और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई तथा गंभीर धाराएं जोड़ने की मांग को लेकर ज्ञापन सौंपा।

प्रार्थी अन्तरसिंह नायक ने बताया कि 20 अप्रैल की रात करीब 10 बजे उनकी भांजी के विवाह समारोह में बिंदोरी निकल रही थी। इसी दौरान शिव मंदिर के पास कुछ लोगों ने उनके पुत्र विशाल को पकड़कर मारपीट शुरू कर दी। शोर सुनकर जब दूसरा पुत्र नरेन्द्र मौके पर पहुंचा तो उस पर भी हमला कर दिया गया।
आरोप है कि काना, नारायण, महेन्द्र रावत, गोविन्द, प्रभुसिंह, हिम्मतसिंह, ओमसिंह सहित अन्य लोगों ने लाठी, तलवार और चाकू से दोनों युवकों पर हमला किया। हमले में विशाल की दोनों जांघों पर तलवार से गंभीर चोटें आईं, जिनमें 16 से 17 टांके लगे हैं। वहीं नरेन्द्र के पीठ और कमर पर गहरे घाव हुए हैं और उसे 10 से 12 टांके आए हैं। दोनों घायलों का इलाज जिला अस्पताल में जारी है।
परिजनों का कहना है कि यदि समय रहते ग्रामीण बीच-बचाव नहीं करते तो आरोपियों द्वारा दोनों की हत्या की जा सकती थी। घटना के बाद पुलिस कार्रवाई पर भी सवाल उठाए गए हैं। आरोप है कि एफआईआर देरी से दर्ज की गई और केवल तीन आरोपियों के नाम शामिल कर मामूली धाराएं लगाई गईं, जबकि हमले में कई लोग शामिल थे।
पीड़ित परिवार ने यह भी आरोप लगाया कि आरोपी लगातार धमकी दे रहे हैं। यहां तक कि अस्पताल पहुंचकर रिपोर्ट वापस लेने और जान से मारने की चेतावनी दी जा रही है। एक आरोपी खुद को आर्मी का जवान बताकर पुलिस कार्रवाई से बचने की बात कह रहा है, जिससे परिवार में डर का माहौल बना हुआ है।
नायक समाज के प्रतिनिधियों ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि यदि सभी आरोपियों के खिलाफ गंभीर धाराओं में प्रकरण दर्ज कर जल्द गिरफ्तारी नहीं की गई, तो समाज उग्र आंदोलन करेगा। साथ ही पीड़ित परिवार को सुरक्षा और निष्पक्ष जांच की मांग भी प्रशासन से की गई है।

Related Post