डेस्क न्यूज
22 April, 2026
अपराध
नीमच। जिले के जीरन थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम जेतपुरा पालसोड़ा में शादी का खुशियों भरा माहौल उस वक्त दहशत में बदल गया, जब बिंदौली कार्यक्रम के दौरान दो सगे भाइयों पर धारदार हथियार से हमला कर दिया गया। 20 अप्रैल की शाम हुई इस घटना से पूरे गांव में सनसनी फैल गई।
जानकारी के अनुसार, गांव में पारिवारिक विवाह समारोह के तहत बिंदौली निकाली जा रही थी। इसी दौरान महेंद्र रावत, गोविंद रावत और नारायण रावत मौके पर पहुंचे और विशाल नायक से विवाद करने लगे। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि आरोपियों ने तलवार से हमला कर दिया।
हमला इतना खतरनाक था कि वार से विशाल नायक का बेल्ट कट गया और कपड़े फट गए। वह गंभीर रूप से घायल हो गया। अपने भाई को बचाने पहुंचे नरेंद्र सिंह नायक पर भी आरोपियों ने हमला कर दिया, जिससे दोनों भाइयों के हाथ-पैर में गंभीर चोटें आई हैं।
घटना के बाद शादी समारोह में अफरा-तफरी मच गई। परिजन और ग्रामीण घायलों को तुरंत जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उनका इलाज जारी है।
घायल विशाल नायक के अनुसार, आरोपी बिना किसी ठोस कारण के आए और जान से मारने की नीयत से हमला किया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और पीड़ित पक्ष की शिकायत पर आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।