ताजासमाचार

स्प्रिंग वुड स्कूल के शिक्षकों के खिलाफ इंस्टाग्राम पर अभद्र पोस्ट, दो आरोपियों पर केस दर्ज

न्यूज डेस्क 22 May, 2025 अपराध

नीमच – स्प्रिंग वुड स्कूल के शिक्षकों और स्कूल प्रशासन के खिलाफ इंस्टाग्राम पर अश्लील व आपत्तिजनक टिप्पणियां करने के मामले में दो युवाओं पर आईटी एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। स्कूल की प्रधानाचार्य चारुलता चौबे ने सोमवार को साइबर सेल में इसकी शिकायत दर्ज कराई थी, जिसके बाद कार्रवाई की गई।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, आरोपियों ने ‘confesshere_69’ नामक फर्जी इंस्टाग्राम प्रोफाइल बनाकर स्कूल और शिक्षकों को लेकर अभद्र पोस्ट किए थे। साइबर सेल द्वारा की गई तकनीकी जांच के बाद मेटा प्लेटफॉर्म से प्राप्त डेटा और आईपी लॉग्स के आधार पर दो आरोपियों की पहचान की गई है। इनमें प्रतापगढ़ (राजस्थान) निवासी छात्र और नीमच निवासी छात्रा शामिल हैं।

जांच में सामने आया कि दोनों ने मिलकर यह फर्जी प्रोफाइल तैयार की और अशोभनीय सामग्री पोस्ट की। गौरतलब है कि इससे पहले भी 1 जनवरी 2025 को स्कूल की प्रिंसिपल ने ‘SWSCONFESSION._’ नामक एक अन्य फर्जी आईडी के खिलाफ शिकायत की थी, जिस पर कार्यवाही न होने पर उन्होंने 11 जनवरी को पुनः शिकायत की थी।

कैंट थाना प्रभारी पुष्पा चौहान ने बताया कि स्कूल की ओर से एसपी ऑफिस में शिकायत प्रस्तुत की गई थी, जिसके आधार पर साइबर सेल ने जांच करते हुए दोनों आरोपियों की पहचान की। उनके खिलाफ आईटी एक्ट की धाराओं में केस दर्ज किया गया है और जल्द ही गिरफ्तारी की जाएगी।

Related Post