न्यूज डेस्क
03 March, 2026
अपराध
नीमच। नीमच शहर में दिनदहाड़े 65 ग्राम सोना चोरी की वारदात का पुलिस ने महज कुछ घंटों में खुलासा कर दिया। मामले में चौंकाने वाला तथ्य सामने आया कि चोरी की कहानी बताने वाला व्यक्ति ही इस घटना का आरोपी निकला। पुलिस ने उसके कब्जे से करीब 12 लाख रुपये कीमत का 65 ग्राम सोना बरामद कर लिया है।
पुलिस के अनुसार 2 मार्च 2026 को फरियादी मनीष पिता बालकिशन सिंह (56), निवासी तिलक मार्ग नीमच ने थाना नीमच कैंट में रिपोर्ट दर्ज कराई कि उनकी दुकान से 65 ग्राम सोना चोरी हो गया है। फरियादी ने बताया था कि यह सोना टेस्टिंग के लिए भेजा गया था और वापसी के दौरान अज्ञात व्यक्ति ने उसे चुरा लिया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में थाना नीमच कैंट और साइबर सेल की संयुक्त टीम गठित की गई। टीम ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले और तकनीकी साक्ष्यों का विश्लेषण किया। जांच के दौरान घटनाक्रम संदिग्ध पाया गया।
पूछताछ में सामने आया कि दिलखुश पिता शांतिलाल नागदा (35), निवासी ग्राम बिसलवास बामनिया, थाना नीमच सिटी ने अपने सेठ द्वारा दिए गए सोने को हड़पने के उद्देश्य से झूठी चोरी की कहानी गढ़ी थी। उसने स्वयं ही मनगढ़ंत घटना बनाकर पुलिस को गुमराह करने की कोशिश की।
पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से चोरी किया गया 65 ग्राम सोना जब्त कर लिया है। आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 109/2026 धारा 303(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर अग्रिम कार्रवाई की जा रही है।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक नीलेश अवस्थी के नेतृत्व में साइबर सेल एवं थाना नीमच कैंट की टीम का विशेष योगदान रहा। पुलिस की त्वरित और प्रभावी कार्रवाई से दिनदहाड़े हुई वारदात का पर्दाफाश कर शहरवासियों को राहत मिली है।