ताजासमाचार

लाखो की चांदी हजारों में गिरवी, मंगलसूत्र और रकम का विवाद, टैगोर मार्ग पर संदीप ज्वेलर्स के बाहर बवाल

डेस्क न्यूज 03 February, 2026 अपराध

नीमच। शहर के व्यस्त टैगोर मार्ग पर यातायात थाने के सामने स्थित संदीप ज्वेलर्स नामक दुकान पर उस समय हंगामे की स्थिति बन गई, जब कुछ महिलाओं और दुकान संचालक के बीच तीखी बहस गाली-गलौज में बदल गई। देखते ही देखते मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई, जिससे क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
सूचना मिलते ही कैंट थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने दोनों पक्षों को थाने लाकर मामले की जानकारी ली।

महिलाओं का आरोप : गिरवी रखी चांदी और मंगलसूत्र लौटाने से मुकरा सुनार

सुवाखेड़ा और छोटी सादड़ी क्षेत्र से आई महिलाओं का आरोप है कि उन्होंने वर्षों पहले संदीप ज्वेलर्स के संचालक के पास रुपयों के बदले सोना-चांदी गिरवी रखी थी, लेकिन अब सुनार रकम लौटाने से मुकर रहा है।
पीड़ित महिला संतोष बाई ने बताया कि उन्होंने करीब तीन किलो चांदी 40 हजार रुपये में गिरवी रखी थी। वहीं रंकुबाई का कहना है कि उन्होंने 30 हजार रुपये की चांदी और 6 हजार रुपये में मंगलसूत्र गिरवी रखा था। महिलाओं का आरोप है कि सुनार लंबे समय से “आज-कल” कहकर टालता रहा और आज अचानक रकम पहचानने से ही इंकार कर दिया, जिससे विवाद भड़क गया।
महिलाओं ने यह भी आरोप लगाया कि सोने-चांदी के दामों में बेतहाशा बढ़ोतरी के कारण सुनार की नीयत बदल गई है।

सुनार का पक्ष : आरोप निराधार, पहचान से किया इंकार

इधर, संदीप ज्वेलर्स के संचालक अनिल सोनी ने सभी आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए कहा कि ये लोग उन्हें फर्जी तरीके से फंसा रहे हैं।
अनिल सोनी का कहना है कि वे इन महिलाओं को नहीं जानते और यह लोग 12–15 साल पुरानी रकम की बात कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि “हम पहले किसी जमाने में यह काम करते थे, अब नहीं करते। ये लोग जानबूझकर भीड़ बुलाकर दबाव बनाने की कोशिश कर रहे हैं।

पुलिस जांच में जुटी

फिलहाल पुलिस ने दोनों पक्षों की बातें सुनकर मामले की जांच शुरू कर दी है। दस्तावेजों और सबूतों के आधार पर आगे की कार्रवाई की बात कही जा रही है। 

Related Post