न्यूज डेस्क
01 January, 2026
अपराध
नीमच। शहर के प्रतिष्ठित सराफा व्यवसायी स्वर्गीय बहादुर सोनी द्वारा संचालित सत्यम ज्वेलर्स से जुड़े करोड़ों रुपये के निवेश और सोना-चांदी के आभूषणों के मामलों ने अब गंभीर रूप ले लिया है। बहादुर सोनी के निधन के बाद सैकड़ों निवेशक और ग्राहक अपनी जमा पूंजी व आभूषण लौटने की प्रतीक्षा में असुरक्षा महसूस कर रहे हैं।
निवेशकों ने थाने में दर्ज कराई शिकायत
गुरुवार को बड़ी संख्या में निवेशक नीमच कैंट थाना पहुंचे और थाना प्रभारी को लिखित शिकायत सौंपी। शिकायत में निवेशकों ने बताया कि उन्होंने अपनी कृषि उपज की राशि, जीवनभर की बचत या कर्ज लेकर सत्यम ज्वेलर्स में निवेश किया था, वहीं कई लोगों ने बेहतर रिटर्न के लालच में नकद राशि दी थी।
कुछ निवेशकों ने आभूषण भी जमा कराए थे। शिकायत के साथ रसीदें, बिल, मोबाइल कॉल रिकॉर्ड और अन्य दस्तावेजी साक्ष्य भी संलग्न किए गए हैं।
निवेशकों की आशंकाएँ और आरोप
निवेशकों का आरोप है कि बहादुर सोनी के निधन के बाद उनके परिजन और व्यवसाय से जुड़े कुछ लोग न तो जमा राशि लौटाने को तैयार हैं और न ही आभूषण वापस कर रहे हैं।
उन्होंने यह भी आशंका जताई कि दुकान में मौजूद स्टॉक, बही-खाते, सीसीटीवी फुटेज और चल-अचल संपत्ति को छिपाने या ठिकाने लगाने का प्रयास किया जा सकता है।
पुलिस से विशेष कार्रवाई की मांग
निवेशकों ने पुलिस से भारतीय दंड संहिता की धाराओं के तहत आपराधिक विश्वासघात, धोखाधड़ी, षड्यंत्र और सामूहिक अपराध का प्रकरण दर्ज करने की मांग की है। इसके अलावा उन्होंने दुकान का स्टॉक, दस्तावेज़ और सीसीटीवी फुटेज जब्त करने, सभी संबंधितों की चल-अचल संपत्ति फ्रीज करने और विशेष जांच दल (एसआईटी) गठित कर निष्पक्ष जांच कराने की भी गुहार लगाई है।
पुलिस ने दिया कार्रवाई का आश्वासन
इस मामले में निवेशक थाना प्रभारी निलेश अवस्थी से भी मिले। उन्होंने शिकायत पर उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया है।