ताजासमाचार

मंदसौर में खून से लाल हुई रात: गोल चौराहा क्षेत्र में ताबड़तोड़ फायरिंग, तीन की मौत, इलाके में दहशत

डेस्क 31 December, 2025 अपराध

मंदसौर। मंदसौर के गोल चौराहा क्षेत्र में बुधवार देर रात उस समय हड़कंप मच गया, जब गोलीबारी की एक सनसनीखेज घटना में तीन लोगों की मौत हो गई। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक यह वारदात पारिवारिक विवाद के चलते हुई, जिसने देखते ही देखते खूनी रूप ले लिया। गोलियों की आवाज से पूरा इलाका दहल उठा और बड़ी संख्या में लोग मौके पर जमा हो गए, जिससे क्षेत्र में तनावपूर्ण माहौल बन गया।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में अफरा-तफरी मच गई। एसपी विनोद कुमार मीणा और एडिशनल एसपी टी.एस. बघेल सहित वरिष्ठ अधिकारी तत्काल घटनास्थल पर पहुंचे और हालात का जायजा लिया। पुलिस ने पूरे क्षेत्र को घेराबंदी में लेकर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस द्वारा घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं, वहीं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। मृतकों की पहचान को लेकर फिलहाल प्रशासन की ओर से कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।

बताया जा रहा है कि यह गोलीबारी डॉ. प्रीति मनावर के घर के पास स्थित दिलीप जैन नामक गोल्ड ज्वेलरी व्यापारी के निवास पर हुई। इस सनसनीखेज वारदात के बाद पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल है और लोग सहमे हुए हैं। पुलिस हर पहलू से मामले की जांच में जुटी हुई है।

गोलीकांड में मृतक पति - पत्नी बताए जा रहे है। जिनके नाम दिलीप जैन और रेखा जैन है, एक अन्य मृतक की शिनाख्त जारी है।

Related Post