ताजासमाचार

जावद में नारकोटिक्स टीम को घेरकर कर हमला, तीन आरोपियों पर मामला दर्ज़ 

न्यूज डेस्क 15 December, 2025 अपराध

जावद। जिले में बीती रात 10.45 बजे एक सनसनीखेज घटना घटी, जब नारकोटिक्स विभाग की टीम पर तीन आरोपियों ने जानबूझकर हमला किया। पुलिस के अनुसार, नारकोटिक्स अधिकारी ओमनी वेन में मौजूद थे, जबकि आरोपी स्कॉर्पियो वाहन में आए और विवाद के बहाने टीम को घेरकर मारपीट की।

हमले में शामिल आरोपियों की पहचान सनी सिंह, ईश्वर धाकड़ और एक अन्य व्यक्ति के रूप में हुई है। यह घटनाक्रम तब हुआ जब नारकोटिक्स के कर्मचारी रोज की तरह मोरवन के समीप निर्माणाधीन सीपीएस फेक्ट्री की और जा रहे थे… सुत्रों के अनुसार बदमाश घटना कारित करने के इरादे से ही आये थे और उन्होंने वाहन आगे पीछे लेने के बहाने जानबुझकर विवाद किया। हमला पुलिस और केन्द्रीय नारकोटिक्स ब्यूरो के लिए गंभीर चेतावनी माना जा रहा है।

जावद थाना प्रभारी जितेंद्र वर्मा ने बताया कि, "यह हमला पूरी तरह सुनियोजित प्रतीत होता है । आरोपी पहले से पुलिस की गतिविधियों पर नजर रख रहे थे। हमने मामले में मारपीट, रास्ता रोकने और शासकीय कार्य में बाधा जैसी धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। हमारी टीम आरोपियों की तलाश में लगी हुई है।"

केन्द्रीय नारकोटिक्स ब्यूरो के उपायुक्त निखिल गांधी ने बताया कि हमारे कर्मचारी जावद से मोरवन की तरफ ओमनी वेन में सवार होकर जा रहे थे, इसी बीच घात लगाए बैठे तीन लोगों ने घेरकर मारपीट शुरू कर दी और मौके से फरार हो गए। घटना की सूचना पुलिस को दे दी गई है। बयान भी दर्ज कर लिए गए है। हर पहलू पर जांच की जा रही है। 
स्थानीय प्रशासन ने सुरक्षा बढ़ा दी है और पुलिस को अलर्ट पर रखा गया है। घटना संभावित रूप से अवैध मादक पदार्थ की तस्करी और रंजिश से जुड़ा हो सकता है। बताया जा रहा है, की आरोपी तस्करी सहित अवैध गतिविधियों में भी लिप्त रह चुके है।

Related Post