न्यूज डेस्क
07 December, 2025
अपराध
नीमच। मनासा क्षेत्र में बीती रात अवैध गौ-परिवहन की सूचना पर पुलिस और राष्ट्रीय गौ-रक्षा दल की संयुक्त टीम ने त्वरित कार्रवाई की। मुखबिर से मिली जानकारी के मुताबिक एक गुजरात पासिंग पिकअप में गौवंश भरकर तस्करी किए जाने की आशंका जताई गई थी।
सूचना की पुष्टि के बाद पुलिस व गौ-रक्षा दल की टीम ने घेराबंदी कर वाहन को रोका। जांच में पिकअप से छह नंदी बेहद तंग और दयनीय स्थिति में भरे हुए मिले। पुलिस ने मौके से एक आरोपित को हिरासत में ले लिया, जबकि सभी गौवंशों को सुरक्षित निकालकर गौशाला भेज दिया गया।
कार्रवाई में राष्ट्रीय गौ-रक्षा दल मनासा टीम के तहसील अध्यक्ष विजयपाल सिंह चंद्रावत, तहसील सचिव दीपक मोदी और उनकी टीम की अहम भूमिका रही। टीम की सतर्कता के कारण संभावित तस्करी की यह कोशिश विफल हो गई।
मनासा पुलिस ने वाहन जब्त कर संबंधित धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है। गौ-रक्षा दल ने कहा है कि क्षेत्र में अवैध गौ-परिवहन के मामलों पर उनकी निगरानी आगे भी जारी रहेगी।