डेस्क न्यूज
12 November, 2025
अपराध
नीमच। नीमच शहर के सबसे व्यस्त इलाके कमल चौक पर बुधवार शाम उस वक्त हड़कंप मच गया, जब अज्ञात बदमाशों ने बीच बाजार में खड़ी कार का कांच फोड़कर उसमें रखे नगदी से भरा बैग चोरी कर लिया और मौके से फरार हो गए। घटना की सूचना मिलते ही सीएसपी किरण चौहान और कैंट थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, इंदिरा नगर निवासी हर्षवर्धन राठौर नीमच नेत्रालय से दिनभर की कलेक्शन लेकर घर लौट रहे थे। शाम करीब साढ़े छह बजे वे कमल चौक स्थित मॉर्डन फुटवेयर की दुकान पर जूते खरीदने के लिए रुके और अपनी कार दुकान के बाहर खड़ी कर दी। कुछ ही मिनटों में अज्ञात बदमाशों ने कार के ड्राइवर साइड के पीछे का शीशा तोड़ा और अंदर रखा रुपयों से भरा बैग लेकर फरार हो गए।
हर्षवर्धन राठौर के बड़े भाई सत्येन्द्र सिंह राठौर ने बताया कि चोरी हुए बैग में लगभग 1 लाख 70 हजार रुपए की नकदी थी। सूचना मिलते ही पुलिस ने बाजार क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगालने शुरू कर दिए हैं, ताकि आरोपियों का सुराग लगाया जा सके।
कमल चौक जैसे मुख्य बाजार में भीड़भाड़ वाले इलाके में हुई चोरो द्वारा किये गए इस दुस्साहस और चोरी की घटना से लोगों में दहशत का माहौल है। फिलहाल पुलिस जांच में जुटी हुई है और बदमाशों की तलाश जारी है।