ताजासमाचार

नीमच में महिलाओं से सोने की चेन खींचने वाला चेन स्नैचर गिरफ्तार, एसपी ने किया वारदातों का खुलासा

डेस्क न्यूज 03 November, 2025 अपराध

नीमच। नीमच पुलिस ने लगातार हो रही चेन स्नेचिंग मामले में बड़ी सफलता हासिल करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है । पुलिस अधीक्षक अंकित जायसवाल के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नवलसिंह सिसौदिया, नगर पुलिस अधीक्षक किरण चौहान के मार्गदर्शन और थाना प्रभारी वीरेन्द्र झा एवं सिटी थाना प्रभारी विकास पटेल के नेतृत्व में गठित टीम ने आरोपी को दबोच लिया।

सितंबर माह में जिलेभर में चेन स्नेचिंग की वारदातें लगातार बढ़ रही थीं। 5 सितंबर 2025 को सरवानिया महाराज क्षेत्र में महिला अनिता लक्षकार से सोने की चेन छीनी गई। 7 सितंबर 2025 को एक ही दिन में नीमच शहर में दो वारदातें हुईं — टीचर कॉलोनी में लक्ष्मी जैन और कलेक्टर बंगले के पास ज्योति गर्ग से चेन लूटी गई। लगातार दो दिन में तीन वारदातों ने पुलिस को अलर्ट किया।

जांच और तकनीकी टीम की भूमिका
पुलिस ने घटना स्थलों के आसपास लगे लगभग 150 सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले। फुटेज के आधार पर पुलिस टीम ने आरोपी की पहचान नीमच, जावद, मनासा, मल्हारगढ़, मंदसौर, चित्तौड़गढ़, कोटा और झालावाड़ जैसे क्षेत्रों में की। आखिरकार 2 नवंबर 2025 को भरभडिया फंटा, नीमच से आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया।

गिरफ्तार आरोपी

1. जयेश उर्फ जीतु पिता गिरजाशंकर मालवीय (31 वर्ष), निवासी ग्राम कंजार्डा, थाना मनासा जिला नीमच।
2. राजेश पिता घनश्याम सोनी, निवासी ग्राम जावी, थाना नीमच सिटी — जो आरोपी सोने की चेनों को खरीदकर खपाता था।

बरामद सामग्री
तीन सोने की चेने और पल्सर मोटर साइकिल क्रमांक MP-44-ZE-6997 बरामद की गई। आरोपी वारदात के बाद पहचान छिपाने के लिए शर्ट बदल देता था और मुंह पर मास्क बांध कर वारदात अंजाम देता था।

तरीका-ए-वारदात
आरोपी नशे का आदी है और पैसों की जरूरत में महिलाओं को निशाना बनाता है । नीमच जिले का निवासी होने के कारण इलाके से अच्छी तरह वाकिफ था। वह शहर की सड़कों पर घूमकर अकेली महिलाओं पर नजर रखता और मौका मिलते ही गले से चेन झपटकर कच्चे रास्तों से भाग निकलता था।

सराहनीय योगदान
थाना प्रभारी वीरेन्द्र झा, विकास पटेल, सायबर सेल टीम तथा आरक्षक सोनेन्द्र सिंह, सर्वेश यादव, दशरथ थावरिया और लक्की शुक्ला विशेष का योगदान रहा।

पुलिस की अपील
महिलाओं से अपील की गई है कि बाहरी इलाकों में अकेले निकलते समय सतर्क रहें और किसी संदिग्ध व्यक्ति की जानकारी तुरंत पुलिस को दें। 

Related Post