डेस्क न्यूज़
23 October, 2025
अपराध
प्रतापगढ़ के एसडीएम छोटू लाल शर्मा परिवार संग सीएनजी भरवाने पहुंचे तो गाड़ियों की लाइन को लेकर हुआ विवाद; पूरी घटना CCTV में कैद, वीडियो वायरल
भीलवाड़ा। दीपावली की शाम जसवंतपुरा इलाके में स्थित एक सीएनजी पेट्रोल पंप पर उस वक्त हंगामा मच गया, जब प्रतापगढ़ के उपखंड अधिकारी (एसडीएम) छोटू लाल शर्मा और पंप के कर्मचारियों के बीच कहासुनी हाथापाई में बदल गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, एसडीएम अपने परिवार के साथ कार में सीएनजी भरवाने पहुंचे थे। लाइन में गाड़ियों के क्रम को लेकर विवाद हुआ, जिसके बाद गुस्से में आकर एसडीएम ने एक पंप कर्मचारी को थप्पड़ मार दिया। बताया जा रहा है कि कर्मचारी ने भी पलटवार करते हुए एसडीएम को थप्पड़ जड़ दिया। मामला कुछ ही देर में हाथापाई में तब्दील हो गया।
पूरी घटना पंप के CCTV कैमरे में रिकॉर्ड हो गई और बाद में वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया।
विवाद की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और तीन पंप कर्मचारियों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की। मामले की जांच जारी है।
एसडीएम की पत्नी ने भी दर्ज कराई शिकायत
घटना के बाद एसडीएम की पत्नी दीपिका व्यास ने भी पुलिस में अलग से शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने आरोप लगाया कि झगड़े से पहले एक कर्मचारी ने उनके साथ अभद्र टिप्पणी की और आंख मारी।
दीपिका के अनुसार, कर्मचारी ने कहा —
“क्या माल लग रही है!”
उनका कहना है कि इसी टिप्पणी से नाराज़ होकर उनके पति ने प्रतिक्रिया दी और विवाद भड़क गया। पुलिस ने दीपिका की शिकायत को भी संज्ञान में लेते हुए जांच शुरू कर दी है।