ताजासमाचार

गोवर्धन पूजा पर गोधन की धूम: पारंपरिक सजावट व दौड़ प्रतियोगिता बनी आकर्षण का केंद्र

डेस्क न्यूज़ 22 October, 2025 धार्मिक

नीमच | गोवर्धन पूजा के पावन अवसर पर नीमच सिटी में बुधवार को श्री चंद्रवंशी ग्वाला गवली समाज युवा समिति के तत्वावधान में पारंपरिक "गोधन सजाओ प्रतियोगिता" और "गायों की दौड़" का भव्य आयोजन किया गया। आयोजन ने न केवल धार्मिक आस्था बल्कि सांस्कृतिक विरासत को भी जीवंत कर दिया।

कार्यक्रम में गोपालकों ने अपनी गायों को रंग-बिरंगे वस्त्रों, फूलों, घंटियों और पारंपरिक आभूषणों से सजाकर प्रस्तुत किया। लगभग दस से अधिक प्रतिभागियों ने "गोधन सजाओ प्रतियोगिता" में भाग लिया। निर्णायक मंडल ने गायों की सजावट, सौंदर्य और प्रस्तुति के आधार पर विजेताओं का चयन किया।

इस प्रतियोगिता में अशोक सुराह की गाय को प्रथम पुरस्कार, जीतू सुराह की गाय को द्वितीय और तुलसीराम पड़रिया की गाय को तृतीय स्थान प्राप्त हुआ। विजेताओं को समिति द्वारा खल की बोरी, प्रशस्ति पत्र और शील्ड भेंट कर सम्मानित किया गया।

समिति सदस्य ललित ग्वाला ने जानकारी दी कि यह आयोजन ग्वाला समाज की सांस्कृतिक पहचान रहा है, जो कुछ वर्षों तक बंद हो गया था। करीब 5 से 7 वर्ष पूर्व समिति ने इसे पुनः प्रारंभ किया, जो अब हर वर्ष गोवर्धन पूजा पर परंपरा बन चुका है।

कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण रही "गोधन दौड़ प्रतियोगिता", जिसमें 20 से 25 गायों ने भाग लिया। आयोजन स्थल पर बड़ी संख्या में दर्शकों की भीड़ उमड़ी, वहीं बच्चों और महिलाओं की भागीदारी ने उत्सव को और भी उल्लासपूर्ण बना दिया।

समिति पदाधिकारियों ने बताया कि इस आयोजन का उद्देश्य केवल मनोरंजन नहीं, बल्कि पशुधन के प्रति प्रेम, संरक्षण और पारंपरिक मूल्यों के प्रति जागरूकता फैलाना भी है। उनका कहना है कि आने वाले वर्षों में इस आयोजन को और भव्य स्वरूप में प्रस्तुत किया जाएगा, ताकि नई पीढ़ी अपनी सांस्कृतिक विरासत से जुड़ सके।

इधर, शहर के विभिन्न मोहल्लों में भी गोपालकों ने गायों को मेहंदी, पुष्पमालाओं और आभूषणों से सजाकर पूजा-अर्चना की। पूरे दिन श्रद्धा, भक्ति और उत्सव का माहौल बना रहा।

Related Post