ताजासमाचार

कंपनी का कर्मचारी चोरी में शामिल: मोबाइल टावर चोरी गिरोह का पर्दाफाश, जीरन पुलिस की बड़ी कार्रवाई, दो गिरफ्तार, दो आरोपी अब भी फरार

डेस्क न्यूज 17 October, 2025 अपराध


नीमच। जीरन पुलिस ने मोबाइल टावरों से की जा रही लगातार चोरियों का खुलासा करते हुए एक संगठित गिरोह का पर्दाफाश किया है। चौंकाने वाली बात यह रही कि इस चोरी में मोबाइल कंपनी का ही एक कर्मचारी शामिल था। पुलिस ने आरोपियों से ₹1.60 लाख की कीमत का चोरी गया माल और एक बिना नंबर की डीलक्स मोटरसाइकिल बरामद की है।

यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक अंकित जायसवाल के निर्देशन में, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नवलसिंह सिसोदिया, नगर पुलिस अधीक्षक किरण चौहान के मार्गदर्शन और थाना प्रभारी निरीक्षक उमेश यादव के नेतृत्व में की गई।

जानकारी के अनुसार, दिनांक 16 अक्टूबर को फरियादी विनोद पिता पन्नालाल पाटीदार, निवासी जीरन, जो जिओ नेटवर्क कंपनी में कार्यरत हैं, ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई कि चल्दु स्थित जिओ टावर से अज्ञात बदमाशों ने दो बैटरियां चोरी कर ली हैं। वहीं, उसी रात आईडिया नेटवर्क कंपनी के कर्मचारी बद्रीप्रसाद पिता मिश्रीलाल मालवीय, निवासी मंदसौर, ने भी रिपोर्ट दी कि छाछखेड़ी टावर से छह टीआरएक्स चोरी हो गए हैं। दोनों मामलों में जीरन पुलिस ने अपराध क्रमांक 295/25 और 296/25 धारा 303(2) के तहत दर्ज कर जांच शुरू की।

तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर की सूचना के आधार पर पुलिस ने दो संदिग्धों को हिरासत में लिया। पूछताछ में आरोपियों की पहचान जितेंद्र पिता महेश राठौर (20 वर्ष) निवासी कयामपुर, थाना नाहरगढ़, जिला मंदसौर, और आशीष पिता गणपत गोस्वामी, निवासी भुक्की, थाना नाहरगढ़, जिला मंदसौर, जो कि आईडिया कंपनी का कर्मचारी है, के रूप में हुई। दोनों ने अपने फरार साथियों करण पिता बंशीलाल माली और पवन पिता जगदीश माली, निवासी कयामपुर, के साथ मिलकर चल्दु और छाछखेड़ी टावरों पर चोरी करना स्वीकार किया।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से जिओ कंपनी की दो बैटरियां, जिनकी कीमत ₹1.60 लाख है, और एक बिना नंबर की डीलक्स मोटरसाइकिल, कीमत ₹60 हजार, जब्त की। कुल ₹2.20 लाख का माल बरामद किया गया है। फरार आरोपियों की तलाश और शेष चोरी गए सामान की बरामदगी के प्रयास जारी हैं।

थाना प्रभारी निरीक्षक उमेश यादव के नेतृत्व में इस कार्रवाई में पुलिस सहायता केंद्र हरकियाखाल की टीम  सहायक उप निरीक्षक रामपाल सिंह राठौर, प्रधान आरक्षक विजय गुनेरा, लक्ष्मीनारायण शर्मा, सुरेंद्र सिंह, आरक्षक धर्मेंद्र सिंह, विक्रम धनगर, महेश जाट और मुकेश का सराहनीय योगदान रहा।

Related Post