डेस्क न्यूज़
09 October, 2025
अपराध
नीमच। सिटी थाना क्षेत्र के ग्राम सावन में बुधवार देर शाम एक संदिग्ध मारुति वैन को रोके जाने के बाद हड़कंप मच गया। वैन क्रमांक एमपी 44 बीसी 1459 में लगभग दो क्विंटल संदिग्ध मांस बरामद किया गया, जिसे कथित रूप से नीमच से मनासा की ओर ले जाया जा रहा था।
जानकारी के अनुसार, गो सेवकों को पहले से इस संदिग्ध परिवहन की सूचना मिली थी। उन्होंने वाहन का पीछा कर ग्राम सावन के पास उसे रोक लिया। इस दौरान वैन चालक मौके से भागने की कोशिश कर रहा था, लेकिन गो सेवकों ने उसे पकड़ लिया और तत्काल पुलिस को सूचित किया।
सूचना मिलते ही सिटी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और वाहन सहित चालक को हिरासत में लेकर थाने ले आई। वैन से मिले करीब दो क्विंटल मांस को जब्त कर देर रात तक नष्ट कर दिया गया।
गो सेवकों का दावा है कि बरामद किया गया मांस गोवंश का हो सकता है, जिसके चलते उन्होंने आरोपियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की है। मामले की गंभीरता को देखते हुए सीएसपी किरण चौहान, एसडीएम संजीव साहू और तहसीलदार संजय मालवीय मौके पर पहुंचे।
पशु चिकित्सक डॉ. धाकड़ को भी बुलाया गया, जिन्होंने मांस का सैंपल लेकर जांच के लिए भेजा। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि रिपोर्ट आने के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।
इस घटना की जानकारी मिलते ही राष्ट्रीय गौ सेवक दल, बजरंग दल, विश्व हिंदू परिषद सहित अन्य हिंदू संगठनों के प्रतिनिधि थाने पहुंचे और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। फिलहाल वाहन को जब्त कर लिया गया है और पुलिस जांच जारी है।