ताजासमाचार

नीमच एसपी ने कांग्रेस नेता बाबू सलीम की दूकान पर हुई चोरी का किया पर्दाफ़ाश: अंतरराज्यीय गैंग के तीन सदस्य मुम्बई व कानपुर से गिरफ्तार

डेस्क न्यूज 04 October, 2025 अपराध

नीमच। नीमच कैंट थाना क्षेत्र में चोपदार पेंट्स एंड हार्डवेयर पर आधी रात को हुई चोरी की वारदात का खुलासा करते हुए पुलिस ने अंतरराज्यीय चोर गिरोह के तीन बदमाशों को महाराष्ट्र और उत्तरप्रदेश से गिरफ्तार करने में सफलता हासील की है । आरोपियों से चोरी गई नगदी में से 10 हजार रुपये तथा वारदात में प्रयुक्त कार बरामद की गई है। अच्छी बात यह है कि थाना प्रभारी निरीक्षक पुष्पा सिंह चौहान एवं सायबर सेल प्रभारी प्रधान आरक्षक प्रदीप शिंदे के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने इस प्रकरण में उत्कृष्ट समन्वय व त्वरित कार्यवाही करते हुए महज कुछ ही दिनों में आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस अधीक्षक अंकित जायसवाल के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नवलसिंह सिसौदिया तथा नगर पुलिस अधीक्षक किरण चौहान के मार्गदर्शन में नीमच पुलिस ने यह बड़ी सफलता अर्जित की है।

शटर उचका कर दूकान में हाथ की सफाई दिखा गए थे बदमाश
विदीत है कि दिनांक 24 सितंबर 2025 को फरियादी नदीम खान पिता बाबू सलीम निवासी महावीर नगर नीमच की सिंधी कॉलोनी रोड स्थित चौपदार पेंट्स एंड हार्डवेयर दुकान में शटर उचका कर चोर अन्दर घुसे थे और हाथ साफ़ कर दिया था । दूकान मालिक रात लगभग 10:30 बजे दुकान बंद कर घर चले गए थे। सुबह 4:30 बजे अखबार वितरण करने वाले भरत दांगी ने देखा की दूकान का शटर आधा उठा हुआ है। सुचना पर फरियादी मौके पर पहुंचे तो देखा कि केश काउंटर की दराज टूटी हुई थी और डिब्बों में रखे रुपए गायब थे। कुल लगभग ₹25,000 की नकदी चोरी होना पाई गई। इस पर पुलिस ने अपराध क्रमांक 490/2025 धारा 305(ए) बीएनएस 2023 के तहत मामला दर्ज कर विवेचना प्रारंभ की।

जांच और तकनीकी साक्ष्य से मिला सुराग
सायबर सेल और नीमच कैंट पुलिस की संयुक्त टीम ने बारीकी से विश्लेषण किया। जांच में सामने आया कि आरोपी ब्रॉन्ज कलर की रेनॉल्ट क्विड कार से आए थे। पुलिस ने करीब 300 किलोमीटर तक के टोल प्लाजा और सीसीटीवी फुटेज खंगाले। जांच में पता चला कि कार क्रमांक RJ-14-VC-3746 दीपक सोनी पिता गणपतलाल सोनी निवासी धलपत, सुवासरा हाल मुकाम जिला झालावाड़ के नाम पर पंजीकृत है।

तकनीकी विश्लेषण से स्पष्ट हुआ कि दीपक सोनी ने अपने दो साथियों — फिरोज़ आलम और अशरफ अंसारी — के साथ मिलकर चोरी की वारदात को अंजाम दिया।

अंतरराज्यीय गिरफ्तारी और जब्ती
नीमच एसपी अंकित जायसवाल ने बताया की चोरी को अंजाम देने के बाद ये बदमाश अपनी क्वीड कार से जयपुर चले गए थे। पुलिस टीमों ने घटना में शामिल दीपक सोनी को कानपुर, उत्तरप्रदेश से और फिरोज आलम व अशरफ अंसारी को मुंबई, महाराष्ट्र से गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपियों से ₹10,000 नगद एवं रेनॉल्ट क्विड कार (मूल्य ₹2,50,000) बरामद की गई है।

एसपी ने की पुलिस टीम की सराहना
इस सफलता पर पुलिस अधीक्षक अंकित जायसवाल ने पूरी टीम की सराहना की । उन्होंने कहा कि नीमच पुलिस द्वारा आधुनिक तकनीक और सायबर संसाधनों का उपयोग कर अंतरराज्यीय अपराधियों को पकड़ना बड़ी उपलब्धि है। पुलिस अब आरोपियों से अन्य वारदातों के संबंध में भी पूछताछ कर रही है, जिससे इस गैंग से जुड़े और अपराधों के खुलासे की संभावना है।

जप्त सामग्री: ₹10,000 नकद रेनॉल्ट क्विड कार RJ-14-VC-3746 (कीमत ₹2,50,000)

Related Post