डेस्क न्यूज़
02 October, 2025
धार्मिक
नीमच / नीमच के दशहरा मैदान में विजयादशमी का पर्व इस वर्ष भी परंपरागत उत्साह और भव्यता के साथ मनाया गया। बुराई पर अच्छाई की जीत के प्रतीक स्वरूप 51 फीट ऊंचे रावण और 41-41 फीट के मेघनाद व कुंभकर्ण के पुतलों का दहन हजारों दर्शकों की उपस्थिति में किया गया। आयोजन में रंगारंग आतिशबाजी, प्रभु श्रीराम की शोभायात्रा और स्वांगधारी आकर्षण का केंद्र रहे।
कार्यक्रम की शुरुआत नाथलाल धर्मशाला से प्रभु श्रीराम की भव्य शोभायात्रा के साथ हुई, जो नगर के प्रमुख मार्गों से होती हुई दशहरा मैदान पहुंची। वहां प्रतीकात्मक रूप से प्रभु श्रीराम और रावण के बीच युद्ध का मंचन किया गया। भैरव बाबा व कालका माता की परंपरागत परिक्रमा ने धार्मिक आस्था का संचार किया।
इसके बाद मुख्य मंच से उपस्थित अतिथियों — विधायक दिलीप सिंह परिहार, समाजसेवी नीरज अरोरा, सीआरपीएफ डीआईजी संदीप दत्ता, सुमित सिंघानिया, प्रहलादराय गर्ग, अनिल चौरसिया, समिति अध्यक्ष हेमंत सिंघल और सचिव अमरीश शर्मा — ने संबोधन दिया और फिर विधिवत रूप से रावण, मेघनाद और कुंभकर्ण के पुतलों का दहन किया।
रावण दहन के साथ ही आकाश रंग-बिरंगी आतिशबाजी से जगमगा उठा। स्वांगधारियों ने अपनी जीवंत प्रस्तुतियों से माहौल को जीवंत बनाए रखा। समिति द्वारा आयोजित प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले स्वांगधारियों को टीवी, होम थियेटर, मिक्सर, सीलिंग फैन व टोस्टर जैसे आकर्षक उपहार प्रदान किए गए, जबकि अन्य को नगद पुरस्कारों से नवाज़ा गया।
समिति अध्यक्ष हेमंत सिंघल और सचिव अमरीश शर्मा ने आयोजन की सफलता के लिए नगरवासियों का आभार व्यक्त किया और बताया कि इस वर्ष की सहभागिता और उत्साह ने आयोजन को ऐतिहासिक बना दिया।