डेस्क न्यूज़
22 September, 2025
धार्मिक
नीमच। शक्ति की आराधना का पर्व शारदीय नवरात्रि सोमवार को घट स्थापना के साथ प्रारंभ हो गया। जिलेभर में श्रद्धा और उत्साह का माहौल है। शुभ मुहूर्त में मां दुर्गा के विभिन्न स्वरूपों की मूर्तियां पंडालों में स्थापित की गईं। आगामी दस दिनों तक भक्तजन पूजा-अर्चना में लीन रहेंगे और रात में गरबा-डांडिया की गूंज सुनाई देगी।जानकारी के अनुसार जिले के 10 थाना क्षेत्रों में कुल 235 पंडाल स्थापित हुए हैं, जिनमें 28 बड़े और 207 छोटे पंडाल शामिल हैं। नीमच शहर में गांधीवाटीका, सीएस अग्रोहा भवन,राठौर परिसर,महेश्वरी भवन, बालाजी धाम मंदिर, विकास नगर, पुरानी नगर पालिका, यादव मंडी, स्कीम नं. 9, अंबेडकर कॉलोनी, बिहार गंज, इंदिरा नगर, माधवगंज और एकता कॉलोनी में बड़े स्तर पर सार्वजनिक गरबा महोत्सव आयोजित होंगे।नवरात्रि को लेकर पुलिस और प्रशासन ने बीते सप्ताहभर से तैयारियां कीं। आयोजकों की बैठक लेकर सुरक्षा संबंधी दिशा-निर्देश दिए गए। प्रत्येक पंडाल में स्वयंसेवक (वॉलंटियर्स) नियुक्त होंगे जो रात्रि में पहरेदारी करेंगे। संदिग्ध गतिविधि दिखने पर तत्काल पुलिस को सूचना देने के निर्देश हैं। इसके साथ ही सीसीटीवी कैमरे लगाने और प्रवेश व्यवस्था सुदृढ़ रखने के आदेश भी जारी किए गए हैं।हिंदू संगठनों ने भी पंडालों में प्रवेश के नियम तय किए हैं।विहिप और बजरंग दल ने निर्देशित किया है कि प्रवेश के समय आधार कार्ड की जांच, तिलक और पहचान सत्यापन किया जाए। केवल हिंदू समाज के लोगों को ही गरबा पंडालों में प्रवेश मिलेगा, जिससे किसी भी असामाजिक तत्व की गतिविधि पर रोक लग सके।नवरात्रि का यह दस दिवसीय पर्व जिले में भक्ति,सुरक्षा और अनुशासन के साथ मनाया जाएगा।