यशवंत राठौर
02 September, 2025
अपराध
मनासा | गणेश उत्सव की आड़ में मनासा की पवित्र धरती पर बीती रात जो हुआ, उसने श्रद्धा, संस्कृति और सामाजिक मर्यादा — तीनों को कलंकित कर दिया। भक्ति की आड़ में मंच पर परोसी गई अश्लीलता ने न सिर्फ आयोजकों की मंशा पर सवाल खड़े कर दिए, बल्कि भगवान गणपति के सामने ही खुलेआम ‘बोल्ड नाच’ ने इस पर्व को शर्मसार कर डाला।
मनासा के जागृति युवा मंडल द्वारा आयोजित गणेश उत्सव में सोमवार रात एक तथाकथित ‘सांस्कृतिक आर्केस्ट्रा’ कार्यक्रम रखा गया था। लेकिन जैसे-जैसे रात गहराई, संस्कृति की चादर फटती गई — और मंच पर ‘हुस्न का आंखों से लीजिए’, ‘आज की रात मज़ा लेने दो’ जैसे अश्लील गानों पर युवतियों के डांस ने माहौल को फूहड़ता की गर्त में ढकेल दिया।
वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें साफ देखा जा सकता है कि मंच पर कमर लचकाती लड़कियां नाच रही हैं और सामने महिलाएं, बच्चे और गणेशजी की मूर्ति मौजूद है।
तो क्या अब धर्म भी ‘डांस शो’ का बहाना बनता जा रहा है?
बजरंग दल ने सुनाई खरी-खरी — “गणपति के सामने ये बेहूदगी बर्दाश्त नहीं”
मामले ने जब तूल पकड़ा, तो बजरंग दल मनासा ने 2 सितंबर को SDM कार्यालय पहुंचकर जमकर विरोध जताया और ज्ञापन सौंपा। संगठन ने इस पूरे आयोजन को धार्मिक भावनाओं का अपमान बताते हुए आयोजकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।
ज्ञापन में लिखा गया कि पहले भी आयोजकों को चेतावनी दी गई थी कि “गणपति उत्सव की गरिमा को बिगाड़ने वाले कार्यक्रम न हों”, लेकिन फिर भी आयोजक अपनी हरकतों से बाज नहीं आए।
अब तो 5 सितंबर को फिर से ऐसा ही कार्यक्रम प्रस्तावित है, जिसकी बजरंग दल ने खुलेआम रोक लगाने की चेतावनी दी है।