ताजासमाचार

ज्ञान मंदिर लॉ कॉलेज में छात्र संगठनों के बीच विवाद, एबीवीपी-एनएसयूआई आमने-सामने

डेस्क न्यूज़ 27 May, 2026 अन्य

नीमच। शहर के ज्ञान मंदिर लॉ कॉलेज में  छात्र राजनीति को लेकर माहौल गर्मा गया। कॉलेज में उस समय विवाद की स्थिति बन गई, जब अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) से जुड़े कुछ छात्र चलती क्लास में पहुंचकर विद्यार्थियों को संबोधित करने लगे। इस दौरान एनएसयूआई से जुड़े छात्रों ने इसका विरोध किया, जिसके बाद दोनों पक्षों के बीच तीखी कहासुनी हो गई और कॉलेज परिसर में तनावपूर्ण माहौल बन गया।

जानकारी के अनुसार कॉलेज में नियमित लेक्चर चल रहे थे। इसी बीच एबीवीपी कार्यकर्ता कक्षा में पहुंचे और विद्यार्थियों के बीच अपनी बात रखने लगे। एनएसयूआई कार्यकर्ताओं ने इसे शैक्षणिक वातावरण में हस्तक्षेप बताते हुए विरोध दर्ज कराया। मामला बढ़ने पर कॉलेज प्राचार्य को शिकायत की गई।

स्थिति को देखते हुए कॉलेज प्रशासन ने दोनों पक्षों को चर्चा के लिए बुलाया और समझाइश देकर मामला शांत कराया। बताया जा रहा है कि प्राचार्य एवं कॉलेज ट्रस्टी के साथ हुई बैठक में कई महत्वपूर्ण बिंदुओं पर सहमति बनी।

एनएसयूआई छात्र नेता यश लोहार ने बताया कि कॉलेज प्रबंधन ने आश्वासन दिया है कि भविष्य में परिसर में किसी भी प्रकार की राजनीतिक गतिविधि की अनुमति नहीं दी जाएगी। साथ ही किसी भी छात्र को उसकी विचारधारा या व्यक्तिगत आधार पर टारगेट नहीं किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि कॉलेज में किसी प्रकार की “संविधान विरुद्ध मोरल पॉलिसिंग” नहीं होने देने का भरोसा भी प्रबंधन द्वारा दिया गया है। फिलहाल एनएसयूआई ने अपना आंदोलन स्थगित कर दिया है, लेकिन भविष्य में यदि किसी संगठन द्वारा कैंपस में राजनीतिक एजेंडा थोपने का प्रयास किया गया तो उसका विरोध किया जाएगा।

यश लोहार ने कहा कि वे सामाजिक न्याय, संविधान और “आइडिया ऑफ इंडिया” की विचारधारा के प्रति प्रतिबद्ध हैं तथा बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर, महात्मा गांधी और भगत सिंह के विचारों को आगे बढ़ाने के लिए संघर्ष जारी रहेगा।

वहीं कॉलेज प्रशासन ने पूरे मामले में शैक्षणिक वातावरण बनाए रखने और छात्रों के बीच सौहार्द बनाए रखने पर जोर दिया है।

  

Related Post