डेस्क न्यूज़
14 May, 2026
अन्य
नीमच | जिले के रामपुरा थाना पुलिस ने पशु चोरी करने वाले एक शातिर गिरोह का पर्दाफाश करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई के दौरान चोरी में प्रयुक्त बोलेरो पिकअप वाहन भी जब्त किया गया है, जिसकी कीमत करीब 5 लाख रुपये बताई जा रही है।
यह कार्रवाई पुलिस महानिदेशक मध्यप्रदेश द्वारा चलाए जा रहे चोरी एवं नकबजनी विरोधी अभियान के तहत पुलिस अधीक्षक नीमच राजेश व्यास के निर्देशन में की गई। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नवल सिंह सिसोदिया एवं एसडीओपी मनासा निकिता सिंह के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी रामपुरा उनि विपिन मसीह के नेतृत्व में पुलिस एवं साइबर सेल टीम ने संयुक्त कार्रवाई को अंजाम दिया।
ऐसे खुला चोरी का राज
फरियादी दुलीचंद रावत मीणा निवासी डोरियाखेड़ी ने 11 मई 2026 को थाना रामपुरा में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 6 मई की रात उसके बाड़े से दो भैंस, एक पाड़ी और दो पाड़े चोरी हो गए हैं। मामले में थाना रामपुरा पर अपराध क्रमांक 83/2026 धारा 303(2) बीएनएस के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू की गई।
पुलिस ने आसपास के क्षेत्रों में जांच के साथ सीसीटीवी फुटेज खंगाले, जिसमें एक संदिग्ध बोलेरो पिकअप वाहन घटनास्थल के आसपास आता-जाता दिखाई दिया। साइबर सेल की मदद से वाहन के रूट की निगरानी की गई और मुखबिर सूचना के आधार पर गांव डोरियाखेड़ी निवासी अर्जुन मीणा पर संदेह हुआ।
पूछताछ में अर्जुन मीणा ने अपने साथियों अशफाक गढ़वी और बाबू पाटीदार के साथ मिलकर पशु चोरी करना स्वीकार कर लिया।
आरोपियों का लंबा आपराधिक रिकॉर्ड
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी अशफाक गढ़वी के खिलाफ मंदसौर जिले के विभिन्न थानों में पहले से 5 आपराधिक मामले दर्ज हैं। वहीं बाबू पाटीदार पर मध्यप्रदेश और राजस्थान के कई थानों में कुल 17 आपराधिक प्रकरण दर्ज पाए गए।
गिरफ्तार आरोपी
अर्जुन रावत मीणा, निवासी डोरियाखेड़ी थाना रामपुरा
अशफाक गढ़वी, निवासी मुल्तानपुरा थाना वायडी नगर मंदसौर
बाबू पाटीदार, निवासी एलची थाना दलौदा मंदसौर
पुलिस टीम की सराहनीय भूमिका
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी विपिन मसीह, सउनि हरिसिंह सिसोदिया, आरक्षक विजय बारीवाल, रघुवीर सिंह, जितेंद्र प्रजापत, साइबर सेल प्रभारी प्रदीप शिंदे, आरक्षक लखन प्रताप सिंह एवं कमल सिंह की महत्वपूर्ण भूमिका रही।