डेस्क न्यूज़
23 April, 2026
अन्य
नीमच। आईपीएल के दौरान क्रिकेट सट्टे पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस थाना नीमच कैंट और साइबर सेल की संयुक्त टीम ने मोबाइल के माध्यम से सट्टा लगाते हुए आरोपियों को रंगे हाथों पकड़ा, जिनके पास से 3 मोबाइल, 2400 रुपये नगद, लाखों रुपये के सट्टे का हिसाब और एक कार जब्त की गई है।
पुलिस अधीक्षक अंकित जायसवाल द्वारा अपराध समीक्षा बैठक में सभी थाना प्रभारियों को सट्टा, जुआ और आईपीएल के दौरान चल रहे क्रिकेट सट्टे पर सख्ती से कार्रवाई के निर्देश दिए गए थे। इन्हीं निर्देशों के पालन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नवल सिंह सिसोदिया एवं नगर पुलिस अधीक्षक किरण चौहान के मार्गदर्शन में थाना नीमच कैंट और साइबर सेल की टीम सक्रिय हुई।
दिनांक 22 अप्रैल 2026 को मुखबिर से सूचना मिली कि मोहम्मद सलीम और उसका साथी फरीद अंसारी वेन्यु कार (एमपी 44 सीबी 2129) में बैठकर मोबाइल के जरिए अवैध क्रिकेट सट्टा संचालित कर रहे हैं। सूचना पर पुलिस टीम ने क्रमांक 02 स्कूल ग्राउंड क्षेत्र में दबिश देकर दोनों आरोपियों को धर दबोचा।
पकड़े गए आरोपियों में मोहम्मद सलीम (55 वर्ष) निवासी मुलचंद मार्ग, नीमच और फरीद अंसारी (42 वर्ष) निवासी बघाना शामिल हैं। जांच में सामने आया कि दोनों आरोपी कार में घूम-घूमकर लोगों को मैच के भाव बताते और सट्टा लिखते थे, जिसे वे अपने अन्य फरार साथियों को आगे पास कर अवैध लाभ कमाते थे।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 3 मोबाइल फोन, 2400 रुपये नगद, लाखों रुपये के सट्टे का रिकॉर्ड और घटना में प्रयुक्त वेन्यु कार जब्त की है। दोनों के खिलाफ थाना नीमच कैंट में अपराध क्रमांक 218/2026 के तहत सट्टा अधिनियम की धारा 4-क में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। मामले में अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी है।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक सौरभ शर्मा, उप निरीक्षक अखिलेश घोंगड़े, प्रधान आरक्षक प्रदीप शिंदे सहित साइबर सेल और नीमच कैंट पुलिस टीम की सराहनीय भूमिका रही।