ताजासमाचार

शॉर्ट सर्किट से  खेत में लगी आग, गेहूं की फसल जलकर राख, फायर ब्रिगेड ने समय रहते पाया काबू

डेस्क न्यूज़ 31 March, 2026 अन्य

नीमच। जिले के सरवानिया महाराज क्षेत्र के समीप ग्राम रानपुर में मंगलवार सुबह एक बड़ा हादसा हो गया, जब एक किसान के गेहूं के खेत में अचानक आग लग गई। इस घटना में करीब एक बीघा खड़ी फसल जलकर पूरी तरह राख हो गई, जिससे किसान को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा।

प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम रानपुर निवासी किसान अशोक पाटीदार (पिता चतरानंद पाटीदार) के खेत के पास से गुजर रही विद्युत लाइन में अचानक शॉर्ट सर्किट हो गया। लाइन से निकली चिंगारी सीधे गेहूं की खड़ी फसल पर गिर गई, जिससे कुछ ही पलों में आग ने विकराल रूप ले लिया। तेज हवा के कारण आग तेजी से फैलने लगी और देखते ही देखते खेत का बड़ा हिस्सा इसकी चपेट में आ गया।

घटना की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और आग बुझाने का प्रयास शुरू किया, लेकिन आग इतनी तेजी से फैल रही थी कि काबू पाना मुश्किल हो रहा था। इसके बाद तत्काल सरवानिया फायर ब्रिगेड को सूचना दी गई।

सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड चालक श्याम माली अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। समय रहते आग पर नियंत्रण कर लिया गया, जिससे आसपास के अन्य खेतों को बचा लिया गया। यदि थोड़ी भी देर हो जाती तो आग और भी खेतों में फैल सकती थी और बड़ा नुकसान हो सकता था।

इस घटना से क्षेत्र के किसानों में चिंता का माहौल है। ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि पीड़ित किसान को उचित मुआवजा प्रदान किया जाए, ताकि उसे हुए नुकसान की भरपाई हो सके। साथ ही ग्रामीणों ने विद्युत विभाग से भी जर्जर लाइनों की समय पर मरम्मत कराने की मांग उठाई है, जिससे भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं से बचा जा सके।

Related Post