ताजासमाचार

निजी स्कूलों की मनमानी के खिलाफ पालक महासंघ का बड़ा कदम, कलेक्टर को सौंपेंगे 9 सूत्रीय ज्ञापन

डेस्क न्यूज़ 29 March, 2026 अन्य

नीमच। पालक महासंघ जिला इकाई नीमच द्वारा जिले के निजी स्कूलों में हो रही मनमानी के खिलाफ बड़ा कदम उठाया गया है। महासंघ मंगलवार 31 मार्च 2026 को दोपहर 12:30 बजे कलेक्टर हिमांशु चंद्रा को 9 सूत्रीय ज्ञापन सौंपेगा।
जिलाध्यक्ष जगदीश शर्मा के नेतृत्व में यह ज्ञापन निजी स्कूलों की मनमानी, फीस वृद्धि और महंगी किताबों के मुद्दे को लेकर सौंपा जाएगा।

महिला विंग की जिला मीडिया प्रभारी आशा सांभर ने बताया कि कई निजी स्कूल एनसीईआरटी की जगह प्राइवेट पब्लिशर्स की महंगी किताबें जबरन लागू कर रहे हैं, जिससे बच्चों के बैग का वजन बढ़ रहा है और पालकों पर अनावश्यक आर्थिक बोझ पड़ रहा है। यह शासन के नियमों के विरुद्ध है।
इसके अलावा बिना नियमों के फीस बढ़ोतरी, अन्य अनियमितताओं और अभिभावकों की समस्याओं को लेकर भी ज्ञापन में मुद्दे शामिल किए गए हैं।

महिला विंग की जिलाध्यक्ष प्रियंका कविश्वर सहित संगठन के पदाधिकारी इस दौरान मौजूद रहेंगे।

संरक्षक नवीन कुमार अग्रवाल, बालकृष्ण सोलंकी, ओम शर्मा, श्याम टांकवाल, जिला सचिव श्रवण कुमार शर्मा "राज" एवं महिला विंग की पदाधिकारी उषा मित्तल, श्वेता शर्मा (एडवोकेट), भावना कांठेड़, मंजु जोगनिया, नेहा गोयल, उषा सोनी सहित अन्य सदस्यों ने शहर के पालकों और समाजसेवी संगठनों से अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित रहने की अपील की है।

इस संबंध में जानकारी जिला मीडिया प्रभारी कपिल शुक्ला द्वारा प्रेस नोट के माध्यम से दी गई है।

Related Post