ताजासमाचार

नयागांव चेकपोस्ट पर ‘तालिबानी राज’ का आरोप—AAP का हमला, बोली- वाहन चालकों से खुली लूट, प्रशासन मौन

डेस्क न्यूज 22 March, 2026 अन्य

नीमच | जिले के नयागांव परिवहन चेकपोस्ट को लेकर आम आदमी पार्टी ने भाजपा सरकार और प्रशासन पर तीखा हमला बोला है। पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष इंजी. नवीन कुमार अग्रवाल ने चेकपोस्ट की स्थिति को “तालिबानी राज” बताते हुए आरोप लगाया कि यहां वाहन चालकों से खुलेआम अवैध वसूली की जा रही है, जबकि जिम्मेदार जनप्रतिनिधि और प्रशासनिक अधिकारी मूकदर्शक बने हुए हैं।
अग्रवाल ने कहा कि मध्यप्रदेश-राजस्थान सीमा पर स्थित इस चेकपोस्ट पर हालात बेहद गंभीर हैं, जहां कथित रूप से असामाजिक तत्वों की मौजूदगी में वाहन चालकों से जबरन वसूली की जा रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि जो चालक विरोध करता है, उसके खिलाफ ऑनलाइन चालान की कार्रवाई कर दी जाती है।

उन्होंने बताया कि आम आदमी पार्टी ने वर्ष 2013 से परिवहन विभाग की अवैध वसूली के खिलाफ संघर्ष किया था, जिसमें कार्यकर्ताओं को झूठे मुकदमों का सामना करना पड़ा और जेल भी जाना पड़ा। लंबे कानूनी संघर्ष के बाद पार्टी कार्यकर्ता बरी हुए और प्रदेश के 46 चेकपोस्ट बंद कर चेकपॉइंट व्यवस्था लागू की गई थी।

अग्रवाल के अनुसार, नयागांव चेकपोस्ट को भी प्रशासन ने पूर्व में बंद करवा दिया था, लेकिन अब बिना किसी आधिकारिक आदेश के इसे पुनः चालू कर दिया गया है और अवैध वसूली फिर से शुरू हो गई है। उन्होंने सवाल उठाया कि चेकपोस्ट पर बड़ी संख्या में मौजूद कथित असामाजिक तत्व किस अधिकार से वसूली कर रहे हैं और प्रशासन कार्रवाई क्यों नहीं कर रहा।

इस संबंध में कलेक्टर सहित अन्य उच्च अधिकारियों को अवगत कराने के बावजूद स्थिति जस की तस बनी हुई है। अग्रवाल ने मुख्यमंत्री, प्रमुख सचिव, प्रधानमंत्री और केंद्रीय परिवहन मंत्री को भी ऑनलाइन शिकायत भेजने की बात कही है।

आम आदमी पार्टी ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही नयागांव चेकपोस्ट पर अवैध वसूली पर रोक नहीं लगाई गई, तो पार्टी अन्य संगठनों के साथ मिलकर दोबारा आंदोलन करेगी।

Related Post