न्यूज डेस्क
21 March, 2026
अन्य
नीमच। पवित्र रमजान माह के 30 रोज़े पूरे होने के बाद ईद-उल-फितर का त्योहार पूरे देश के साथ-साथ नीमच जिले में भी हर्षोल्लास, अकीदत और भाईचारे के माहौल में मनाया गया। जिलेभर में मुस्लिम समाज के लोगों ने ईदगाहों और मस्जिदों में बड़ी संख्या में एकत्रित होकर नमाज़ अदा की और देश में अमन-चैन, तरक्की व खुशहाली के लिए दुआएं मांगी।
नमाज़ के बाद सभी ने एक-दूसरे को गले लगाकर “ईद मुबारक” कहा और आपसी प्रेम, सौहार्द व भाईचारे का संदेश दिया। पूरे जिले में त्योहार शांति और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ।
कलेक्टर और एसपी ने लिया व्यवस्थाओं का जायजा
ईद के मौके पर प्रशासन पूरी तरह सतर्क और सक्रिय नजर आया। कलेक्टर हिमांशु चंद्रा एवं पुलिस अधीक्षक अंकित जायसवाल ने सुबह से ही विभिन्न ईदगाह स्थलों पर पहुंचकर व्यवस्थाओं का जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
कलेक्टर एवं एसपी ने नीमच शहर के कैंट थाना क्षेत्र स्थित अंबेडकर कॉलोनी ईदगाह, पीपली चौक तथा नीमच सिटी ईदगाह पहुंचकर नमाज़ और सुरक्षा व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। इसके साथ ही उन्होंने मनासा, रामपुरा और कुकड़ेश्वर में भी ईदगाहों पर पहुंचकर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
इस दौरान एडीएम बी.एस. कलेश, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नवलसिंह सिसोदिया, एसडीएम संजीव साहू, सीएसपी किरण चौहान, तहसीलदार अजेन्द्रनाथ, संतोष कुमार, थाना प्रभारी नीलेश अवस्थी एवं पुष्पा चौहान सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे। वहीं मनासा, रामपुरा और कुकड़ेश्वर में एसडीएम किरण आंजना, एसडीओपी निकिता सिंह, तहसीलदार मुकेश निगम और मृगेन्द्र सिसोदिया ने व्यवस्थाएं संभालीं।
हर तरफ दिखा उत्साह और रौनक
जिले के विभिन्न क्षेत्रों में ईद की खास रौनक देखने को मिली। नमाज़ के बाद लोगों ने एक-दूसरे के घर जाकर मुबारकबाद दी, सिवइयां और मीठे पकवानों के साथ खुशियां साझा कीं। बच्चों में भी खास उत्साह नजर आया, जहां बड़ों ने उन्हें ईदी देकर दुआओं से नवाज़ा।
भाईचारे और एकता का संदेश
ईद-उल-फितर का यह पावन पर्व जिले में शांति, सद्भाव और आपसी भाईचारे का संदेश देकर संपन्न हुआ। प्रशासन की मुस्तैदी और नागरिकों के सहयोग से पूरा त्योहार शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाया गया।