द वाॅचमेन पोस्ट
28 February, 2026
अन्य
नीमच। जिले के जावद थाना क्षेत्र की सरवानिया चौकी अंतर्गत ग्राम मोड़ी में एक दर्दनाक हादसा सामने आया है। खुले कुएं में गिरने से 45 वर्षीय व्यक्ति की मौत हो गई, जिससे गांव में शोक की लहर फैल गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम मोड़ी निवासी भारत सिंह पिता करण सिंह राजपूत खेड़ा रोड स्थित खेत पर बने खुले कुएं में गिर गए। बताया जा रहा है कि वे गांव के गोविंद सिंह सोनीगरा के खेत पर अफीम की लुवनी-चिरन की रखवाली कर रहे थे। इसी दौरान अचानक उनका पैर फिसल गया और वे सीधे कुएं में जा गिरे।
घटना की सूचना मिलते ही ग्रामीण मौके पर पहुंचे और पुलिस को जानकारी दी। सरवानिया चौकी प्रभारी निलेश सोलंकी अपनी टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। ग्रामीणों और पुलिस की मदद से काफी मशक्कत के बाद शव को कुएं से बाहर निकाला गया।
पुलिस ने मौके पर पंचनामा तैयार कर आवश्यक कार्रवाई पूरी की और शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी गई है।