डेस्क न्यूज
13 February, 2026
अन्य
नीमच। शहर में सक्रिय गौ सेवा समिति नीमच द्वारा संचालित गौ उपचार शाला को एक और महत्वपूर्ण सहयोग प्राप्त हुआ है। पिछले पांच वर्षों से समिति जनसहयोग के माध्यम से बीमार, घायल एवं असहाय गौवंश सहित अन्य जीवों की सेवा और उपचार का कार्य निरंतर कर रही है। वर्तमान में उपचार शाला में लगभग 70 से 80 गौवंश की देखभाल की जा रही है।
समिति को गुप्त दान के रूप में एक ट्रैक्टर ट्रॉली भेंट की गई है। इस ट्रॉली के माध्यम से चारा लाने-ले जाने तथा अन्य व्यवस्थाओं में काफी सुविधा होगी, जिससे गौसेवा कार्य और अधिक व्यवस्थित एवं सुचारू रूप से संचालित किया जा सकेगा। समिति पदाधिकारियों का कहना है कि नई ट्रॉली मिलने से गौवंश के भोजन और देखरेख की व्यवस्था पहले से अधिक सुदृढ़ होगी।
नई ट्रॉली का विधि-विधान से पूजन पं. शंकर शास्त्री एवं पं. रामेश्वर शर्मा द्वारा संपन्न कराया गया। इस अवसर पर खाखलदेव महाराज मंदिर के पुजारी पवन महाराज, गोसेवक मितेश अहीर, राहुल रालोत, पार्थ जोशी, दुर्गा शंकर धनगर सहित समिति के अन्य सदस्य उपस्थित रहे।
समिति पदाधिकारियों ने दानदाता के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि समाज के सहयोग से ही गौसेवा का यह पुनीत कार्य निरंतर आगे बढ़ रहा है और भविष्य में भी इसी तरह जनसहयोग मिलता रहा तो सेवा कार्य और व्यापक स्तर पर किए जाएंगे।