ताजासमाचार

नीमच में बोर्ड परीक्षाओं की तैयारियां पूरी, 39 परीक्षा केंद्रों पर सामग्री का वितरण संपन्न

न्यूज डेस्क 06 February, 2026 अन्य

नीमच। माध्यमिक शिक्षा मंडल द्वारा आयोजित कक्षा 10वीं एवं 12वीं बोर्ड परीक्षाओं को लेकर जिले में तैयारियां अब अंतिम चरण में पहुंच गई हैं। परीक्षा प्रक्रिया को सुचारु, पारदर्शी और निष्पक्ष बनाए रखने के उद्देश्य से प्रशासन ने सभी आवश्यक व्यवस्थाएं पूर्ण कर ली हैं।

इसी क्रम में जिलेभर में बनाए गए 39 परीक्षा केंद्रों के लिए नियुक्त केंद्राध्यक्ष एवं सहायक केंद्राध्यक्षों की सूची गुरुवार को जारी की गई। नियुक्ति के पश्चात शुक्रवार सुबह 10:30 बजे उत्कृष्ट उमावि नीमच में सभी केंद्राध्यक्षों को प्रश्नपत्र, उत्तरपुस्तिकाएं सहित अन्य गोपनीय परीक्षा सामग्री का विधिवत वितरण किया गया। शिक्षा विभाग द्वारा पहले ही स्पष्ट कर दिया गया था कि इस प्रक्रिया में सभी केंद्राध्यक्षों की उपस्थिति अनिवार्य रहेगी, ताकि परीक्षा की गोपनीयता और पारदर्शिता बनी रहे।

परीक्षा सामग्री वितरण के दौरान सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। गोपनीय सामग्री की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए पुलिस विभाग के जवान मौके पर तैनात रहे। संपूर्ण प्रक्रिया की निगरानी जिला शिक्षा अधिकारी एस. एम. मांगरिया द्वारा की गई। इस दौरान शिक्षा विभाग के प्रलय उपाध्याय सहित अन्य प्रशासनिक अधिकारी भी उपस्थित रहे, जिन्होंने वितरण कार्य को व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराया।

जिला शिक्षा अधिकारी ने बताया कि बोर्ड परीक्षाओं का आयोजन पूरी शांति, अनुशासन और पारदर्शिता के साथ किया जाएगा। सभी केंद्राध्यक्षों को स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि परीक्षा केंद्रों पर नियमों का सख्ती से पालन कराया जाए और किसी भी प्रकार की लापरवाही को कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

शिक्षा विभाग की इन तैयारियों से यह साफ है कि जिले में 10वीं और 12वीं बोर्ड परीक्षाओं को निष्पक्ष, सुरक्षित और व्यवस्थित रूप से संपन्न कराने के लिए प्रशासन पूरी तरह सतर्क और तैयार है।

Related Post