ताजासमाचार

गोचर भूमि पर कब्जे की कोशिश, ग्रामीणों का फूटा गुस्सा—कलेक्टर जनसुनवाई में सौंपा ज्ञापन

न्यूज डेस्क 03 February, 2026 अन्य

नीमच। नीमच जिले के ग्राम डसानी में गांव की सामूहिक गोचर भूमि पर कब्जा करने की कोशिश का गंभीर मामला सामने आया है। आरोप है कि कुछ लोगों ने राजस्व रिकॉर्ड में गड़बड़ी कर गांव की वर्षों पुरानी जमीन को अपने नाम कराने का प्रयास किया। इससे नाराज ग्रामीणों ने कलेक्टर जनसुनवाई में पहुंचकर सामूहिक आवेदन सौंपा और न्याय की मांग की।

ग्रामीणों ने बताया कि यह भूमि वर्ष 1967 में ग्रामवासियों द्वारा खरीदी गई थी और तब से मवेशियों के बैठने-चरने, पानी पीने और बच्चों के खेलने के लिए उपयोग में लाई जा रही है। यह जमीन पहले सर्वे नंबर 65 और वर्तमान में सर्वे नंबर 297 के नाम से दर्ज है तथा लंबे समय तक राजस्व रिकॉर्ड में गोचर भूमि के रूप में दर्ज रही है।

आवेदन में बताया गया कि नामांतरण प्रक्रिया अधूरी रहने का फायदा उठाकर बाद के वर्षों में खसरा रिकॉर्ड में गलत प्रविष्टियां कर दी गईं। इसके बाद सीमित वारिसों के नाम पर नामांतरण कराकर जमीन का विक्रय और दोबारा नामांतरण करवा लिया गया।

ग्रामीणों का आरोप है कि हाल ही में जमीन पर कब्जे की नीयत से जेसीबी मशीन लगाकर हरे-भरे पेड़ उखाड़ दिए गए। जब ग्रामीणों ने इसका विरोध किया तो उन्हें धमकियां दी गईं। मामले की शिकायत पुलिस और राजस्व अधिकारियों से की गई और मौके पर पंचनामा भी बनाया गया, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं होने से गांव में भारी नाराजगी है।

ग्रामीणों ने कलेक्टर से मांग की है कि पूरे मामले की निष्पक्ष और उच्चस्तरीय जांच कराई जाए, गोचर भूमि पर हो रहे अतिक्रमण को तुरंत रोका जाए, दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए और इस जमीन को गांव के नाम सुरक्षित रखा जाए।

Related Post