न्यूज डेस्क
31 January, 2026
अन्य
नीमच | नीमच में शनिवार को आस्था, भक्ति और सामाजिक एकता का अद्भुत संगम देखने को मिला। धनगर गायरी समाज के आराध्य देव भगवान श्री देवनारायण के जन्मोत्सव के पावन अवसर पर अखिल भारतीय मेवाड़ा धनगर गायरी समाज, जिला नीमच के तत्वावधान में भव्य और ऐतिहासिक शोभायात्रा का आयोजन किया गया। जयघोष और भक्ति गीतों के साथ निकली इस शोभायात्रा ने पूरे नगर को भक्तिरस में सराबोर कर दिया।
शोभायात्रा का शुभारंभ नीमच सिटी के कोर्ट मोहल्ला स्थित भगवान श्री देवनारायण मंदिर से विधिवत पूजा-अर्चना और आरती के साथ हुआ। इसके बाद शोभायात्रा नगर के प्रमुख मार्गों से होती हुई सांवरिया सेठ मंदिर, फव्वारा चौक, बारादरी, नया बाजार, घंटाघर, पुस्तक बाजार, भारत माता चौराहा से गुजरते हुए टाउन हॉल पहुंचकर संपन्न हुई। मार्ग में जगह-जगह श्रद्धालुओं और व्यापारियों द्वारा पुष्पवर्षा कर शोभायात्रा का भव्य स्वागत किया गया।
शोभायात्रा में डीजे और ढोल-नगाड़ों की गूंज के बीच भक्ति गीतों पर समाजजन उत्साह से झूमते नजर आए। श्रद्धालु हाथों में धर्मध्वज लेकर भगवान श्री देवनारायण के जयकारे लगाते हुए आगे बढ़ रहे थे। शोभायात्रा में भगवान श्री देवनारायण की भव्य, सुसज्जित और आकर्षक झांकी विशेष आकर्षण का केंद्र रही, जिसे देखने के लिए मार्ग के दोनों ओर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी।
शोभायात्रा के टाउन हॉल पहुंचने पर धर्मसभा का आयोजन किया गया। धर्मसभा को संबोधित करते हुए जनप्रतिनिधियों, समाज के वरिष्ठजनों और वक्ताओं ने भगवान श्री देवनारायण के जीवन, उनके आदर्शों और समाज उत्थान में उनकी प्रेरणादायक भूमिका पर विस्तार से प्रकाश डाला। वक्ताओं ने समाज में एकता, संस्कार, सेवा और सद्भाव को अपनाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के समापन अवसर पर समाज की ओर से सामूहिक भोज का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने प्रसादी ग्रहण की। पूरे आयोजन में अनुशासन, श्रद्धा और सामाजिक समरसता का अनुपम उदाहरण देखने को मिला, जिसने नीमच शहर को एक बार फिर आस्था और भाईचारे के रंग में रंग दिया।