ताजासमाचार

नीमच में शुद्ध पेयजल को लेकर सख्त कार्रवाई: 15 अवैध नल कनेक्शन काटे, नाले का व्यापक सफाई अभियान

डेस्क न्यूज़ 24 January, 2026 अन्य

नीमच। इंदौर में हाल ही में दूषित पानी से फैली बीमारी की घटनाओं से सबक लेते हुए नीमच नगर पालिका ने शुद्ध पेयजल आपूर्ति और स्वच्छता को लेकर सख्त रुख अपनाया है। इसी क्रम में शनिवार को शहर के मूलचंद मार्ग स्थित नसरुल्लाह खां मस्जिद इमामबाड़े के समीप नगर पालिका द्वारा बड़ी और प्रभावी कार्रवाई की गई। इस दौरान क्षेत्र में पाए गए 10 से 15 अवैध नल कनेक्शनों को काटा गया और साथ ही बड़े नाले की व्यापक सफाई करवाई गई।

जानकारी के अनुसार, अवैध नल कनेक्शनों के चलते पेयजल की मुख्य पाइपलाइन बार-बार क्षतिग्रस्त हो रही थी, जिससे गंदा और दूषित पानी नलों में मिलने की शिकायतें सामने आ रही थीं। मामले की गंभीरता को देखते हुए नगर पालिका सीएमओ दुर्गा बामनिया के नेतृत्व में नगर पालिका की इंजीनियरिंग टीम मौके पर पहुंची और अवैध कनेक्शनों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की।

कार्रवाई के दौरान नाले की भी विशेष सफाई करवाई गई, जिसमें करीब 2 से 3 ट्रॉली गंदा मलबा बाहर निकाला गया। लंबे समय से नाले की सफाई की मांग की जा रही थी, जिसे इस अभियान के तहत पूरा किया गया। नाले के ऊपर और आसपास से होकर पेयजल की पाइपलाइनें गुजरने के कारण दूषित पानी की सप्लाई में मिलने की आशंका बनी हुई थी, जिसे समाप्त करने के उद्देश्य से नगर पालिका ने यह कदम उठाया।

नगर पालिका अधिकारियों ने बताया कि जिले और प्रदेश में हाल ही में हुई अप्रिय घटनाओं को ध्यान में रखते हुए नागरिकों को स्वच्छ और शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराना नगर पालिका की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इंदौर की घटना ने यह स्पष्ट कर दिया है कि पेयजल को लेकर थोड़ी सी भी लापरवाही जनस्वास्थ्य के लिए गंभीर खतरा बन सकती है। इसी सतर्कता के तहत शहरभर में अवैध नल कनेक्शनों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जाएगी।

नगर पालिका ने नागरिकों से अपील की है कि वे अवैध नल कनेक्शन न लें और पेयजल लाइनों के आसपास स्वच्छता बनाए रखें। साथ ही, यदि कहीं दूषित पानी की आपूर्ति या अवैध कनेक्शन की जानकारी मिले तो तुरंत नगर पालिका को सूचित करें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके। इस दौरान सीएमओ दुर्गा बामनिया सहित नगर पालिका के अधिकारी एवं कर्मचारी मौके पर उपस्थित रहे।

Related Post