डेस्क न्यूज
22 January, 2026
अन्य
नीमच | मध्यप्रदेश शासन के सामान्य प्रशासन विभाग ने 26 जनवरी 2026 गणतंत्र दिवस समारोह के लिए जिलेवार कार्यक्रम निर्धारित कर दिए हैं। जारी आदेश के अनुसार प्रदेश के सभी जिलों में मुख्य समारोह के दौरान मंत्रीगण, राज्य मंत्री अथवा कलेक्टर द्वारा राष्ट्रीय ध्वज फहराया जाएगा तथा मुख्यमंत्री के संदेश का वाचन किया जाएगा।
सूची के अनुसार नीमच जिले के मुख्य गणतंत्र दिवस समारोह में कैबिनेट मंत्री निर्मला भूरिया राष्ट्रीय ध्वज फहराएंगी और मुख्यमंत्री का संदेश पढ़कर सुनाएंगी। वहीं मंदसौर जिले में मुख्य समारोह के दौरान कलेक्टर द्वारा ध्वजारोहण किया जाएगा, परेड की सलामी ली जाएगी तथा उपस्थित जनसमुदाय को संबोधित किया जाएगा।
गणतंत्र दिवस समारोह को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। कार्यक्रम के दौरान स्कूली बच्चों द्वारा देशभक्ति से ओतप्रोत सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी जाएंगी, विभिन्न शासकीय विभागों की झांकियां आकर्षण का केंद्र रहेंगी और उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारियों एवं कर्मचारियों को सम्मानित किया जाएगा। समारोह को गरिमामय और भव्य बनाने के लिए प्रशासन स्तर पर सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा रही हैं।