ताजासमाचार

दिव्यांग महिला की एक गुहार, कलेक्टर का त्वरित एक्शन— जनसुनवाई में लौटी उम्मीद

डेस्क न्यूज 20 January, 2026 अन्य

नीमच। राज्य शासन के निर्देशानुसार जिला कलेक्टर कार्यालय सहित सभी तहसील एवं पंचायत कार्यालयों में प्रत्येक मंगलवार को आयोजित होने वाली जनसुनवाई के माध्यम से आम नागरिकों की समस्याओं का समयबद्ध निराकरण किया जा रहा है। इसी क्रम में मंगलवार को आयोजित जनसुनवाई में एक सराहनीय और मानवीय पहल सामने आई, जब 80 प्रतिशत दिव्यांग वृद्ध महिला को त्वरित कार्रवाई करते हुए ट्राइसाइकिल उपलब्ध कराई गई।
कलेक्टर हिमांशु चंद्रा ने बताया कि जनसुनवाई का मुख्य उद्देश्य आमजन की शिकायतों और समस्याओं को सीधे सुनकर उनका शीघ्र समाधान सुनिश्चित करना है। जनसुनवाई के दौरान पेयजल, सड़क, विद्युत, आवास सहित विभिन्न समस्याओं से जुड़े आवेदन प्राप्त हो रहे हैं, जिन पर संबंधित विभागों को प्राथमिकता के साथ कार्रवाई के निर्देश दिए जा रहे हैं। विशेष रूप से पानी की समस्या से जुड़े मामलों का प्राथमिकता से निराकरण किया जा रहा है।
जनसुनवाई के दौरान सादड़ी रोड नाका नंबर-4, बघाना निवासी नूर बानो पिता कादर बैग ने तीन पहिये वाली साइकिल (ट्राइसाइकिल) उपलब्ध कराने हेतु आवेदन प्रस्तुत किया। आवेदन में उल्लेख किया गया कि नूर बानो 80 प्रतिशत दिव्यांग हैं और चलने-फिरने में असमर्थ होने के कारण उन्हें दैनिक आवागमन में गंभीर कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है।
कलेक्टर ने मामले को गंभीरता और संवेदनशीलता से लेते हुए सामाजिक न्याय एवं दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग को तत्काल आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। विभाग द्वारा त्वरित प्रक्रिया पूर्ण कर नूर बानो को ट्राइसाइकिल उपलब्ध कराई गई। ट्राइसाइकिल मिलने पर वृद्ध महिला के चेहरे पर खुशी साफ झलक रही थी, जो प्रशासन की मानवीय सोच और संवेदनशील कार्यप्रणाली को दर्शाता है।

Related Post