न्यूज डेस्क
07 May, 2025
अन्य
दिव्यांग प्रमाण पत्र शिविर में 170 से अधिक हितग्राही हुए लाभान्वित, अव्यवस्थाओं से परिजन नाराज
नीमच। जिला कलेक्टर हिमांशु चंद्रा के निर्देशानुसार एवं मुख्य कार्यपालन अधिकारी अमन वैष्णव, उपसंचालक सामाजिक न्याय एवं दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग नीमच/सहायक प्रशासक भारतीय रेडक्रॉस सोसायटी किरण आंजना के मार्गदर्शन में सामाजिक न्याय विभाग नीमच एवं भारतीय रेडक्रॉस सोसायटी नीमच द्वारा संचालित जिला दिव्यांग पुनर्वास केंद्र नीमच द्वारा रेडक्रॉस परिसर नीमच में दिव्यांग प्रमाण पत्र बनाए जाने हेतु एक दिवसीय परीक्षण शिविर का आयोजन किया गया। प्रातः 10 बजे से शुरू हुआ यह शिविर देर शाम तक चला जिसमें लगभग 170 दिव्यांग हितग्राहियों ने भाग लेकर प्रमाण पत्र बनवाने का लाभ उठाया।
हालांकि, शिविर के सफल आयोजन के बावजूद कई दिव्यांग हितग्राहियों के परिजनों ने व्यवस्थाओं को लेकर गहरी नाराजगी जताई। परिजनों का आरोप था कि शिविर में बैठने, पेयजल, खाने आदि जैसी मूलभूत सुविधाओं की कमी थी, जिससे उन्हें और दिव्यांगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। साथ ही उनको भीषण गर्मी का भी सामना करना पढ़ा। हालांकी परिजनों द्वारा संबंधित अधिकारियों को बताने के बाद व्यवस्था करवाई गई। परिजनों ने यह भी बताया कि पंजीकरण और जांच प्रक्रिया में काफी समय लग रहा था, जिससे लंबी कतारें लग गईं और दिव्यांगों को इंतजार करना पड़ा।
इस घटना ने दिव्यांग प्रमाण पत्र शिविरों के आयोजन में बेहतर प्रबंधन और सुविधाओं की आवश्यकता को उजागर किया है, ताकि दिव्यांग हितग्राहियों और उनके परिजनों को किसी प्रकार की असुविधा न हो। उम्मीद है कि भविष्य में आयोजित होने वाले ऐसे शिविरों में इन कमियों को दूर किया जाएगा और सुचारू व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी।