डेस्क न्यूज
26 December, 2025
अन्य
नीमच। श्री गुरु गोविंद सिंह जी के साहिबजादों की अतुलनीय शहादत को श्रद्धापूर्वक स्मरण करते हुए शुक्रवार को “वीर बाल दिवस” के अवसर पर नीमच स्थित भारतीय जनता पार्टी कार्यालय में भव्य श्रद्धांजलि कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में साहिबजादों के अद्वितीय बलिदान को नमन करते हुए वक्ताओं ने इसे भारतीय इतिहास की अमूल्य धरोहर बताया और कहा कि उनका त्याग आने वाली पीढ़ियों के लिए सदैव प्रेरणास्रोत रहेगा।
कार्यक्रम की शुरुआत साहिबजादों के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर की गई। इस अवसर पर नीमच सिख समाज के ज्ञानी जी साजन सिंह ने कहा कि बाबा जोरावर सिंह जी और बाबा फतेह सिंह जी ने अल्पायु में धर्म, सत्य और मानवता की रक्षा के लिए जो सर्वोच्च बलिदान दिया, वह विश्व इतिहास में अद्वितीय है। उन्होंने कहा कि साहिबजादों की शहादत हमें अन्याय, अत्याचार और अधर्म के सामने कभी न झुकने की प्रेरणा देती है और सत्य के मार्ग पर अडिग रहने का संदेश देती है।
सिख समाज नीमच के अध्यक्ष हरभजन सिंह सलूजा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा 26 दिसंबर को “वीर बाल दिवस” घोषित करना साहिबजादों के बलिदान को राष्ट्रीय पहचान देने वाला ऐतिहासिक निर्णय है। यह दिवस बच्चों और युवाओं में साहस, संस्कार, धर्मनिष्ठा और राष्ट्रभक्ति की भावना को मजबूत करेगा तथा उन्हें अपने कर्तव्यों के प्रति जागरूक बनाएगा।
नीमच विधायक दिलीप सिंह परिहार ने अपने संबोधन में कहा कि साहिबजादों का बलिदान केवल सिख समाज तक सीमित नहीं है, बल्कि यह पूरे राष्ट्र की साझा विरासत है। उनके त्याग से हमें धर्म, संस्कृति और राष्ट्र की रक्षा के लिए सदैव संकल्पित रहने की प्रेरणा मिलती है। ऐसे आयोजन समाज में एकता, समरसता और राष्ट्रप्रेम को सुदृढ़ करते हैं।
भाजपा जिलाध्यक्ष वंदना खंडेलवाल ने कहा कि “वीर बाल दिवस” यह स्मरण कराता है कि राष्ट्र और धर्म की रक्षा के लिए आयु नहीं, बल्कि साहस, संकल्प और आत्मबल की आवश्यकता होती है। वहीं नगरपालिका अध्यक्ष स्वाति गौरव चोपड़ा ने साहिबजादों के आदर्शों को जीवन में आत्मसात करने का आह्वान करते हुए कहा कि उनका जीवन त्याग, सेवा और वीरता का अनुपम उदाहरण है।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में सिख समाजजन, भाजपा पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे। उल्लेखनीय है कि नीमच में यह आयोजन विगत तीन वर्षों से निरंतर श्रद्धा और सम्मान के साथ आयोजित किया जा रहा है, जो साहिबजादों की अमर शहादत को जन-जन तक पहुंचाने का कार्य कर रहा है।