डेस्क न्यूज
16 December, 2025
अन्य
नीमच। बघाना थाना क्षेत्र के लेवड़ा मार्ग पर कालका माता मंदिर के पास सोमवार देर शाम एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार और लापरवाही से चलाए जा रहे एक पिकअप वाहन ने बाइक सवार युवक को जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि बाइक सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गया और मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और तत्काल पुलिस को जानकारी दी। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए घायल युवक को जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां ड्यूटी पर मौजूद चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। इसके बाद मृतक के शव को जिला अस्पताल के पीएम रूम में रखवाया गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार मृतक की पहचान सुरेंद्र सिंह पिता लक्ष्मण सिंह, उम्र 30 वर्ष, निवासी अमवली महल के रूप में हुई है। बताया गया कि सुरेंद्र सिंह बाइक से अपने घर जा रहा था, तभी कालका माता मंदिर के पास सामने से आ रहे पिकअप वाहन ने उसे टक्कर मार दी।
पुलिस ने पिकअप वाहन को कब्जे में लेकर चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। वहीं मंगलवार को मृतक के परिजन जिला अस्पताल पहुंचे और आरोपी चालक की जल्द गिरफ्तारी के साथ ही पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता दिए जाने की मांग की। घटना के बाद से क्षेत्र में शोक का माहौल बना हुआ है।