डेस्क न्यूज
09 December, 2025
अन्य
नीमच। जिला राजस्व विभाग के महत्वपूर्ण कार्यों को मजबूती देने में जुटे लोकल यूथ राजस्व सर्वेयरों ने अपनी समस्याओं और मांगों को लेकर स्थानीय विधायक एवं कलेक्टर के नाम ज्ञापन सौंपा। लोकल यूथ महासंघ, मध्य प्रदेश के प्रतिनिधियों ने बताया कि जुलाई 2024 में एमपी भू-अभिलेख पोर्टल के माध्यम से चयनित सभी सर्वेयरों ने फसल गिरदावरी, डिजिटल क्रॉप सर्वे, किसान आईडी, आरओआर और ई-केवाईसी जैसे संवेदनशील और समयबद्ध सरकारी कार्य पूर्ण निष्ठा और ईमानदारी से समय पर पूरा किया है।
सर्वेयरों ने बताया कि जमीन सर्वे और फसल गिरदावरी के दौर में उन्हें जहरीले सांपों, जंगली जानवरों, खतरनाक नालों, गहरी खाइयों, तेज धूप–बारिश, बिजली के करंट जैसे जानलेवा जोखिमों का सामना करना पड़ता है। कई बार उन्हें घने जंगलों और दुर्गम क्षेत्रों में अकेले जाना पड़ता है। इसके बावजूद आज तक न तो उन्हें पहचान पत्र मिला है और न ही विभागीय नियुक्ति पत्र, जिससे उन्हें फील्ड में कई बार किसानों के अपमानजनक व्यवहार का सामना भी करना पड़ता है।
महासंघ ने तीन प्रमुख मांगें रखते हुए कहा कि—
लोकल यूथ सर्वेयरों को नियमित रोजगार दिया जाए।
सम्मानजनक और निश्चित मासिक मानदेय निर्धारित किया जाए।
सभी सर्वेयरों को विभागीय नियुक्ति पत्र एवं आधिकारिक आईडी कार्ड शीघ्र जारी किए जाएँ।
सर्वेयरों का कहना है कि वे अत्यंत चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में कार्य कर रहे हैं। ऐसे में सरकार को चाहिए कि उनके भविष्य की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए उन्हें आधिकारिक पहचान, स्थायी रोजगार और उचित मानदेय प्रदान करे।