ताजासमाचार

सरकार की वादाखिलाफी से नाराज़ दिव्यांगजन | विश्व दिव्यांग दिवस पर काली पट्टी बांधकर किया विरोध प्रदर्शन, अधिकारियों के आश्वासन पर हुए शांत

डेस्क न्यूज 03 December, 2025 अन्य

नीमच। विश्व दिव्यांग दिवस पर बुधवार को जिले के दिव्यांगजन सरकार की वादा खिलाफी और प्रशासनिक लापरवाही के खिलाफ सड़क पर उतर आए। जिला मुख्यालय पर दिव्यांग ज्योति सेवा संस्था के नेतृत्व में काली पट्टी बांधकर शांतिपूर्ण विरोध प्रदर्शन किया गया। संस्था अध्यक्ष रामप्रकाश बलदेवा जांगिड़, उपाध्यक्ष तुलसीराम मेघवाल और कोषाध्यक्ष राधा ग्वाला ने कहा कि वर्तमान सरकार ने चुनावी घोषणा पत्र में प्रदेश के 18 लाख दिव्यांगजन की सामाजिक सुरक्षा पेंशन 600 से बढ़ाकर 1500 रुपये प्रतिमाह करने का वादा किया था, लेकिन सरकार बने 29 महीने बीत जाने के बाद भी यह वादा आज तक पूरा नहीं हुआ। उन्होंने बताया कि हाई कोर्ट तक पेंशन बढ़ाने के निर्देश दे चुका है, इसके बावजूद शासन ने किसी प्रकार की वृद्धि नहीं की, जिससे दिव्यांग समुदाय में गहरी निराशा और रोष है। संस्था पदाधिकारियों ने यह भी कहा कि एयरपोर्ट रोड, नीमच पर मानसिक दिव्यांग बच्चों के लिए 20 वर्ष पहले आवंटित भूमि पर आज तक आवासीय विद्यालय का निर्माण न होना गंभीर उपेक्षा को दर्शाता है, जिसके कारण बच्चों के अभिभावकों को बड़ी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। दिव्यांग पार्क निर्माण का मुद्दा भी प्रदर्शन में प्रमुखता से उठाया गया। वर्ष 2022 में नगर पालिका द्वारा शो-रूम चौराहा स्थित अंबेडकर पार्क के पास दिव्यांग पार्क के लिए भूमि आवंटित की गई थी और वर्ष 2003 में तत्कालीन विधायक दिलीप सिंह परिहार द्वारा पार्क निर्माण के लिए दो लाख रुपये भी दिए जा चुके थे, लेकिन आज तक निर्माण शुरू नहीं हुआ, जिससे दिव्यांगजन में प्रशासन के प्रति नाराजगी है। संस्था के सदस्य जिला स्तरीय दिव्यांग कार्यक्रम स्थल के सामने एकत्र हुए और लगभग डेढ़ घंटे तक काली पट्टी बांधकर शांतिपूर्ण विरोध दर्ज कराया। इस दौरान सामाजिक न्याय विभाग की अधिकारी मौके पर पहुंचीं और सभी दिव्यांगजनों से चर्चा कर समस्याओं को संबंधित विभागों तक पहुंचाने का आश्वासन दिया। आश्वासन के बाद विरोध कार्यक्रम समाप्त किया गया। दिव्यांगजनों ने स्पष्ट चेतावनी दी कि यदि जल्द ही उनकी प्रमुख मांगों पर कार्रवाई नहीं हुई तो आने वाले दिनों में आंदोलन और अधिक उग्र रूप लेगा।

Related Post