ताजासमाचार

सैकड़ों करणी सैनिकों के साथ CBN कार्यालय पहुँचे जीवन सिंह शेरपुर, गोरधन सिंह के समर्थन में उठी निष्पक्ष जांच की मांग

डेस्क न्यूज 03 December, 2025 अन्य

नीमच। मंदसौर जिले के पिपलियामंडी निवासी गोरधन सिंह पर दर्ज मादक पदार्थ तस्करी के मामले ने मंगलवार को नया मोड़ ले लिया, जब करणी सेना प्रमुख ठाकुर जीवन सिंह शेरपुर बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं और परिजनों के साथ सीबीएन (CBN) कार्यालय, नीमच पहुंचे। उन्होंने अधिकारियों से मुलाकात कर संपूर्ण प्रकरण की निष्पक्ष, वैज्ञानिक और पारदर्शी जांच की मांग उठाई। शेरपुर ने अधिकारियों को बताया कि गोरधन सिंह को षड्यंत्रपूर्वक फंसाया गया है तथा उनका किसी भी प्रकार के तस्करी कार्य से कोई संबंध नहीं है। उन्होंने कहा कि गोरधन सिंह न केवल बेदाग छवि के व्यक्ति हैं, बल्कि अब तक उनका कोई आपराधिक रिकॉर्ड भी सामने नहीं आया है, ऐसे में उन पर की गई कार्रवाई पक्षपातपूर्ण और मनमानी प्रतीत होती है जिस पर गंभीरता से पुनर्विचार आवश्यक है। ज्ञात हो कि कुछ दिन पूर्व किसान नेता श्यामलाल जोकचंद के नेतृत्व में ग्रामीणों ने भी ज्ञापन सौंपकर बताया था कि गोरधन सिंह एक साधारण मजदूर हैं जो गिट्टी–मोरम सप्लाई कर अपने परिवार का पालन-पोषण करते हैं। आर्थिक स्थिति कमजोर होने के साथ ही उनका आपराधिक इतिहास भी शून्य है, इस कारण उन्हें तस्करी मामले में फंसाया जाना अत्यंत संदिग्ध बताया जा रहा है। CBN कार्यालय पहुंचे करणी सेना पदाधिकारियों ने मांग उठाई कि जांच प्रक्रिया में तथ्यात्मक आधार और वैज्ञानिक तरीकों को प्राथमिकता दी जाए। अधिकारियों ने प्रतिनिधिमंडल को जानकारी दी कि मामले की जांच पूरी करने में लगभग डेढ़ माह का समय लग सकता है। शेरपुर ने कहा कि गोरधन सिंह के खिलाफ लगाए गए आरोपों की निष्पक्ष और समयबद्ध जांच कर उन्हें न्याय दिलाया जाए। इस दौरान गोरधन सिंह के परिजन, समाजजन और करणी सेना के कई कार्यकर्ता बड़ी संख्या में मौजूद रहे।

Related Post