न्यूज डेस्क
08 November, 2025
अन्य
नीमच। ग्रुप केंद्र केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल नीमच में शुक्रवार को राष्ट्रगीत “वन्दे मातरम्” के 150 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में एक भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह आयोजन राष्ट्रभक्ति, एकता और सांस्कृतिक गौरव को समर्पित रहा। सीआरपीएफ मुख्यालय, नई दिल्ली के आदेशानुसार सुरेन्द्र कुमार, डीआईजी, ग्रुप केंद्र, नीमच के निर्देशन में कार्यक्रम का शुभारंभ श्री बंकिमचंद्र चटर्जी द्वारा रचित हमारे राष्ट्रीय गीत वंदे मातरम के पूर्ण संस्करण का बैण्ड की धुनों के साथ सामूहिक गायन के साथ किया गया, जिसके पश्चात ग्रुप केंद्र के अधिकारियों एवं जवानों ने मातृभूमि के प्रति अपनी निष्ठा और समर्पण का संकल्प लिया। इस कार्यक्रम के आयोजन का मुख्य उद्देश्य सीआरपीएफ में अपने जवानों में राष्ट्रगीत के प्रति सम्मान और देशभक्ति की भावना को और प्रबल बनाना है। इस अवसर पर डीआईजी ने राष्ट्रगीत के ऐतिहासिक महत्व और स्वतंत्रता संग्राम में इसकी प्रेरणादायक भूमिका पर प्रकाश डाला। उन्होंने अपने उद्बोधन में कहा कि “वन्दे मातरम्” केवल एक राष्ट्रगीत गीत नहीं, बल्कि हमारे स्वाभिमान, गौरव और देश की आत्मा का प्रतीक है। इस गीत ने देश के स्वतंत्रता संग्राम में अनगिनत सेनानियों में अदम्य साहस और देशभक्ति की भावना का संचार किया। देश की कई पीढ़ियों को राष्ट्रभक्ति की भावना से ओतप्रोत किया है, और सदा ही राष्ट्रीय गौरव एवं एकता की अलख जगाता रहा है। कार्यक्रम के अंत में उपस्थित सभी अधिकारियों,अधीनस्थ अधिकारियों व जवानों ने राष्ट्रगान के साथ भारत माता के जयघोष से वातावरण को गुंजायमान कर दिया।