ताजासमाचार

नीमच में 10 लाख रुपए की चोरी का सनसनीखेज मामला — गुटखा लेने रुका मुनीम, स्कूटी की डिग्गी से कैश से भरा बैग गायब…  मामला संदिग्ध, जांच शुरू

डेस्क न्यूज़ 12 October, 2025 अन्य

नीमच। कैंट थाना क्षेत्र में शुक्रवार दोपहर एक मंडी व्यापारी के मुनीम के साथ बड़ी चोरी की वारदात सामने आई है। मुनीम बैंक से 10 लाख रुपए का कैश लेकर निकला था, लेकिन कुछ ही मिनटों में उसका कैश से भरा बैग रहस्यमयी तरीके से गायब हो गया।

जानकारी के अनुसार, एमएस साल्वेक्स प्रा. लि. के मुनीम जगदीश आंजना शुक्रवार दोपहर एचडीएफसी बैंक से 10 लाख रुपए निकालकर स्कूटी की डिग्गी में रखे और मंडी की ओर जा रहे थे। रास्ते में उन्होंने एक दुकान पर गुटखा लेने के लिए स्कूटी रोकी। वे मुश्किल से एक-दो मिनट के लिए रुके, लेकिन जब लौटे तो डिग्गी से बैग गायब था।

सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि स्कूटी की डिग्गी का ताला न टूटा है और न ही खुला हुआ मिला, जिससे मामला और भी संदिग्ध हो गया है।

कैंट थाना प्रभारी वीरेंद्र झा ने बताया कि पुलिस ने मुनीम की शिकायत पर जांच शुरू कर दी है। सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और सभी पहलुओं से मामले की पड़ताल की जा रही है। पुलिस का कहना है कि स्थिति संदिग्ध होने के कारण मामला दर्ज करने से पहले जांच पूरी की जाएगी।

सिर्फ एक मिनट में 10 लाख का बैग गायब...! डिग्गी का ताला सलामत, फिर कैसे हुई चोरी...? पुलिस ने सभी एंगल से जांच शुरू कर दी हैं और जल्द ही पूरे मामले का खुलासा कर सकती है ।

Related Post