डेस्क न्यूज़
03 October, 2025
अन्य
नीमच। अतिवृष्टि और पीला मोजेक रोग से फसलों को हुई क्षति की भरपाई के लिए प्रदेश सरकार ने किसानों को बड़ी राहत दी है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने शुक्रवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से नीमच जिले के 592 ग्रामों के किसानों के बैंक खातों में 119.6 करोड़ रुपये की राहत राशि सिंगल क्लिक से अंतरित की।
इस अवसर पर नीमच के एनआईसी कक्ष में विधायक नीमच दिलीप सिंह परिहार, विधायक मनासा अनिरुद्ध मारू, जिला पंचायत अध्यक्ष सज्जन सिंह चौहान, कलेक्टर हिमांशु चंद्रा, एडीएम बीएस कलेश, वंदना खंडेलवाल सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी और किसान उपस्थित रहे।
मुख्यमंत्री ने वर्चुअल संवाद के दौरान किसानों को राहत राशि मिलने पर बधाई दी और कहा कि प्रदेश सरकार हर परिस्थिति में अन्नदाता के साथ खड़ी है। उन्होंने कहा कि किसानों को भावांतर योजना और फसल बीमा का भी लाभ दिलाया जाएगा।
डॉ. यादव ने बताया कि प्रदेश में पहली बार येलो मोजेक रोग से प्रभावित फसलों पर भी राहत राशि दी जा रही है। उन्होंने कहा कि "फसल तैयार होकर घरों में आने से पहले ही सरकार ने किसानों के खाते में मदद पहुंचा दी है।"
विधायक परिहार और विधायक मारू ने दिवाली से पहले किसानों को राहत दिलाने के लिए मुख्यमंत्री की संवेदनशीलता की सराहना की और आभार जताया।
अंत में मुख्यमंत्री ने जिले के किसानों और जनप्रतिनिधियों को दशहरा और दीपावली की शुभकामनाएं भी दीं।