ताजासमाचार

नीमच में फोटो एक्सपो 27 व 28 को, फोटोग्राफर मिलन समारोह में हुई तैयारीयों सहित तकनीक व अनुभवों पर साझा चर्चा

डेस्क न्यूज़ 22 September, 2025 अन्य

नीमच | प्रतिवर्षानुसार इस वर्ष भी फोटोग्राफर मिलन समारोह का आयोजन नीलकंठ महादेव मंदिर, बोरखेड़ा पानेरी पर उत्साहपूर्वक किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ बाबा नीलकंठ महादेव की पूजा-अर्चना से हुआ, जिसमें क्षेत्र के अनेक फोटोग्राफर भाई बड़े उत्साह के साथ सम्मिलित हुए।

कार्यक्रम की शुरुआत सभी सदस्यों द्वारा अपना-अपना परिचय देने के साथ हुई। इसके बाद नई सिनेमेटोग्राफी तकनीकों और एडवांस टेक्नोलॉजी पर विस्तृत चर्चा की गई। इस चर्चा ने उपस्थित सभी फोटोग्राफर्स को नए विचारों और तकनीकी जानकारी से समृद्ध किया। कार्यक्रम की मुख्य आकर्षण रही आदित्य एल्बम एकेडमी के श्रवण देवड़ा द्वारा दी गई Adobe Photoshop 2025 में आई नई AI टेक्नोलॉजी पर जानकारी। उन्होंने बताया कि किस प्रकार यह अत्याधुनिक तकनीक फोटो एडिटिंग को और अधिक तेज़, सरल और प्रभावशाली बना रही है। AI की मदद से अब एडिटिंग कार्य में समय की बचत होने के साथ-साथ रचनात्मकता के नए आयाम भी खुल रहे हैं।

इसी अवसर पर फोकस स्टूडियो द्वारा आगामी फोटो एक्सपो 2025 के आयोजन की भी जानकारी साझा की गई, जो कि दिनांक 27 व 28 सितम्बर को आयोजित किया जाएगा। सभी फोटोग्राफर भाइयों से इसमें सक्रिय भागीदारी की अपील की गई।

मिलन समारोह में उपस्थित सभी फोटोग्राफर भाइयों ने आपस में अनुभव साझा किए और आधुनिक तकनीकों को अपनाने के लिए एक-दूसरे को प्रेरित किया। यह आयोजन न केवल तकनीकी ज्ञान बढ़ाने का माध्यम बना, बल्कि फोटोग्राफर समुदाय में आपसी सहयोग और सद्भाव को भी मजबूत करने में सहायक रहा।

Related Post