ताजासमाचार

स्वर्गीय पिंटू छपरीबंद की स्मृति में रतनगढ़ में रात्रकालीन क्रिकेट टूर्नामेंट का भव्य शुभारंभ, 32 टीमें लेंगी भाग

डेस्क न्यूज़ 27 May, 2026 अन्य

नीमच \ रतनगढ़। नगर के प्रसिद्ध स्टार क्रिकेट खिलाड़ी स्वर्गीय पिंटू छपरीबंद की स्मृति में रॉयल क्रिकेट क्लब रतनगढ़ एवं क्रिकेट प्रेमियों द्वारा आयोजित रात्रकालीन क्रिकेट टूर्नामेंट का मंगलवार रात भव्य शुभारंभ हुआ। आयोजन की शुरुआत भावपूर्ण श्रद्धांजलि और राष्ट्रगान के साथ की गई, जहां पूरे माहौल में खेल के साथ भावनाओं का भी अनूठा संगम देखने को मिला।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में रतनगढ़ की प्रसिद्ध मुस्कान बुआ जी एवं स्वर्गीय पिंटू छपरीबंद के पुत्र चीनू छपरीबंद उपस्थित रहे। सर्वप्रथम अतिथियों द्वारा स्वर्गीय पिंटू छपरीबंद के चित्र पर पुष्पमाला अर्पित कर दीप प्रज्वलित किया गया। इसके बाद उपस्थित खिलाड़ियों, अतिथियों एवं क्रिकेट प्रेमियों ने दो मिनट का मौन रखकर उन्हें श्रद्धांजलि दी।

श्रद्धांजलि सभा के बाद राष्ट्रगान के साथ टूर्नामेंट का शुभारंभ किया गया। इस दौरान आयोजन समिति द्वारा मुख्य अतिथि मुस्कान बुआ जी का केसरिया दुपट्टा पहनाकर स्वागत-सम्मान किया गया। इसके पश्चात अतिथियों ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर मैच का शुभारंभ कराया।

आयोजन समिति ने बताया कि टूर्नामेंट में आसपास क्षेत्र की कुल 32 टीमें भाग ले रही हैं, जिससे आगामी दिनों में क्रिकेट का रोमांच चरम पर रहेगा। प्रतिदिन तीन मुकाबले खेले जाएंगे। प्रतियोगिता की विजेता टीम को 51 हजार रुपये नगद एवं ट्रॉफी, जबकि उपविजेता टीम को 25 हजार रुपये नगद एवं ट्रॉफी प्रदान की जाएगी। साथ ही प्रत्येक मैच में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ी को “मैन ऑफ द मैच” पुरस्कार से सम्मानित किया जाएगा।

इस अवसर पर पूरे छपरीबंद परिवार की ओर से आयोजन समिति का आभार व्यक्त किया गया। आयोजन को सफल बनाने में समिति के सदस्य गोलू छपरीबंद, हरिओम बैरागी, रितिक छपरीबंद, शिव फिकल सहित सभी सदस्यों ने विशेष मेहनत की है।

समिति द्वारा रतनगढ़ नगर एवं आसपास क्षेत्र के सभी क्रिकेट प्रेमियों से टूर्नामेंट में बढ़-चढ़कर भाग लेने और आयोजन को सफल बनाने की अपील भी की गई।
 

Related Post