डेस्क न्यूज
14 May, 2026
अन्य
देवास | देवास के टोंक कलां इलाके में गुरुवार सुबह करीब 11:30 बजे एक पटाखा फैक्ट्री में भीषण धमाका हो गया। विस्फोट इतना जोरदार था कि आसपास का इलाका दहल उठा और शवों के टुकड़े 20 से 25 फीट दूर तक जा गिरे। हादसे के बाद पूरे क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार हादसे में 8 से 10 लोगों की मौत की आशंका जताई जा रही है। हालांकि जिला कलेक्टर ने अब तक दो लोगों की मौत की आधिकारिक पुष्टि की है। वहीं, एक दर्जन से अधिक लोग गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं, जिन्हें उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा गया है।
बताया जा रहा है कि फैक्ट्री में बड़ी संख्या में महिलाएं कार्यरत थीं। हादसे के समय भी फैक्ट्री में करीब 400 से 500 मजदूर मौजूद थे, जिनमें 200 से अधिक महिलाएं शामिल थीं। विस्फोट के बाद कई लोग बुरी तरह झुलस गए, जबकि तीन महिलाएं अब भी लापता बताई जा रही हैं।
घटना की सूचना मिलते ही प्रशासन, पुलिस और राहत-बचाव दल मौके पर पहुंच गए। राहत कार्य लगातार जारी है और मलबे में फंसे लोगों की तलाश की जा रही है।
हादसे के बाद स्थानीय ग्रामीणों में भारी आक्रोश देखने को मिला। ग्रामीणों ने मौके पर पहुंचे कमिश्नर का घेराव कर आरोप लगाया कि क्षेत्र में संचालित अवैध पटाखा फैक्ट्री के खिलाफ पहले कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई, जिसके कारण इतना बड़ा हादसा हुआ।
फिलहाल प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है और फैक्ट्री के लाइसेंस व सुरक्षा इंतजामों की पड़ताल की जा रही है।